ईरान युद्ध का असर, विवाह समारोह में गैस संकट: लकड़ी की भट्टियों पर बना भोजन, 250 युवक-युवतियों ने दिया परिचय – Bhopal News h3>
राठौर संघ भोपाल द्वारा 20 अप्रैल 2026 को पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थान परिसर, दशहरा मैदान, कलियासोत डेम, नेहरू नगर में सामूहिक विवाह एवं परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के कई जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे, जबकि करीब 250 युवक-युवतियों ने परिचय सम्मेलन में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे दीप प्रज्जवलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद सुबह 9 से 12 बजे तक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। परिचय सत्र के बाद सामूहिक विवाह संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया गया और विदाई समारोह भी आयोजित किया गया।
ईंधन संकट के चलते लिया गया फैसला
ईरान युद्ध के बाद घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल की स्थिति को देखते हुए आयोजन समिति ने लकड़ी की भट्टियों पर भोजन बनाने का निर्णय लिया। सम्मेलन में बनने वाला अधिकांश भोजन लकड़ी की आग पर तैयार किया गया, जिससे आयोजन बिना किसी बाधा के पूरा हो सका। पारंपरिक भट्टियों पर बना भोजन
भोजन व्यवस्था के लिए पारंपरिक चूल्हों और लकड़ी की भट्टियों का उपयोग किया गया। इससे एक ओर जहां गैस पर निर्भरता कम हुई, वहीं आयोजन में पारंपरिक पद्धति की झलक भी देखने को मिली। ईको-फ्रेंडली रहा पूरा आयोजन
सम्मेलन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रखा गया। कागज से बने डिस्पोजल का उपयोग किया गया और पानी के लिए स्टील व तांबे के बर्तनों की व्यवस्था की गई। डिजिटल निमंत्रण के जरिए कागज की बचत भी की गई। दहेज प्रथा के खिलाफ दिया संदेश
आयोजन के दौरान दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ समाज को जागरूक किया गया। सादगीपूर्ण विवाह और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। राठौर समाज के लोगों ने बताया कि यह सम्मेलन समाज के लोगों के सहयोग और दान से संपन्न हुआ। इस दौरान समाज की पत्रिका का भी प्रकाशन किया गया। आयोजन में अध्यक्ष राज कुमार राठौर, उपाध्यक्ष संतोष राठौर, कार्यक्रम अध्यक्ष मदनलाल राठौर सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।