इस शहर को यूपी की ग्रीन सिटी बनाने की तैयारी, 2030 तक तय किया गया टारगेट | Preparation make green city of UP target fixed 2030 | News 4 Social h3>
बीते साल जिले में सबसे ज्यादा पौधे रोपने का रिकॉर्ड बना चुके वन विभाग ने इस बार भी मण्डल में 95 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। वन विभाग का दावा है कि वर्ष 2030 तक झांसी हरियाली में प्रदेश के शिखर पर होगा। अगले 6 साल तक वन विभाग मंडल में 3,100 हेक्टेयर की भूमि पर पौधे रोपेगा। बता दें कि बीते सत्र में वन विभाग ने अन्य विभागों की सहभागिता के साथ 98 लाख पौधे रोपे थे। प्रदेश में पहले स्थान पर झांसी था।
इस साल भी शीर्ष पर रहने की है तैयारी
मंत्रालय से लेकर सरकार ने झांसी में हुए वृहद पौधारोपण को लेकर वन विभाग की पीठ थपथपाई थी। इस बार भी शीर्ष स्थान पर बने रहने के लिए विभाग ने अभी से कमर कस ली है। विभाग ने जुलाई-अगस्त में रोपे जाने वाले पौधों के लिए लक्ष्य तय कर लिया है। अभी से विभाग पौधा रोपने के लिए गड्ढा खुदाई के काम में जुट गया है। इस वर्ष वन विभाग ने लक्ष्य में से 50 लाख पौधे रोपने की जिम्मेदारी खुद ली है। मुख्य वन संरक्षक बुंदेलखंड वृत्त केके सिंह ने बताया कि लक्ष्य के बाद तैयारियां शुरु हो चुकी है।
नंदन वन का होगा विस्तार
नए लक्ष्य आने के बाद शहरी क्षेत्र से सटे भगवन्तपुरा में बने नन्दन वन का विस्तार किया जाएगा। बता दें कि अभी नन्दन वन 20 हेक्टेयर में फैला हुआ है। इसके विस्तार के लिए मुख्यालय से अनुमति मांगी गई है। विभाग द्वारा नन्दन वन को 10 हेक्टेयर में और विस्तरित किया जा सकता है। फिलहाल शासन से मंजूरी मिलने का इन्तजार वन विभाग कर रहा है।