आज मनाया जा रहा क्रिसमस का त्योहार: चर्च में प्रार्थना के लिए उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़; शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदली – Patna News h3>
पटना में आज क्रिसमस धूमधाम से सेलिब्रेट किया जा रहा है। इसके लिए चर्चों को पूरी तरह से सजाया गया है। बुधवार रात 12 बजते ही प्रभु ईशु का जन्म हुआ। चर्च में कैरोल की धुन बजने लगी।
.
लोग खुशियां मनाते हुए कैरोल गाने लगे। ईसाई समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को हैप्पी क्रिसमस कह बधाई दी। इससे पहले रात करीब साढ़े नौ बजे चर्च में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ था। आज सुबह भी मिस्सा बलिदान पूजा होगी। उसके बाद सुबह 9 से शाम 6 बजे तक लोगों के लिए चर्च का मुख्य द्वार खोल दिया जाएगा।
चरनी में दिखा प्रभु यीशु के जन्म का दृश्य
चर्च की सजावट के साथ-साथ खूबसूरत चरनी का भी निर्माण किया जाता है। चरनी का संबंध प्रभु यीशु के जन्म से है। प्रभु यीशु का जन्म गौशाला में हुआ था, इसलिए उस समय के दृश्य चरनी में दिखाए जाते हैं। इसमें ईशा मसीह के बाल अवतार, माता मरियम और चरवाहे, गाय, भेड़, बकरियों के चित्र और मूर्ति की सजावट की जाती है।
क्रिसमस के लिए बाजार भी गुलजार
क्रिसमस के लिए बाजार भी गुलजार है। सांता के कपड़ों से पटना का बोरिंग रोड इलाका भरा पड़ा है। बोरिंग रोड में बीच बाजार में सांता लोगों के साथ डांस कर रहे थे। इस दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा था।
वहीं, आज क्रिसमस ईव को लेकर लिए शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 25 दिसंबर के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। ट्रैफिक DSP 4 अनिल कुमार ने बताया कि दोपहर 2 बजे के बाद गांधी मैदान के इलाके में ऑटो ई रिक्शा को प्रतिबंधित किया गया है।
गांधी मैदान से छज्जू बाग के इलाके में भी निजी वाहनों को छोड़कर कॉमर्शियल ऑटो, ई रिक्शा को प्रतिबंधित किया गया है। आज इसके लिए 100 अतिरिक्त बल लगाए गए हैं। जिस पोस्ट पर दबाव कल कम रहेगा, वहां से भी बल बुला लिए गए हैं।
27-28 को भी गांधी मैदान रहेगा डिस्टर्ब
वहीं, इसके अलावा गांधी मैदान में सरस मेला के दौरान होने वाली भीड़ के चलते आस पास के रूट में ऑटो ई रिक्शा को बैन किया गया है। 27 और 28 दिसंबर को इन रूटों में इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर ऑटो ई रिक्शा की एंट्री नहीं होगी।
1. गांधी मैदान के चारों तरफ व्यवसायिक वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
2. दानापुर से राजापुर पुल होते हुए ऑटो ई-रिक्शा को पुलिस लाईन तिराहा से पुनः वापस दानापुर की ओर डायवर्ट किया जायेगा।
3. अशोक राजपथ पर गायघाट की ओर से गांधी मैदान आने वाले ऑटो ई-रिक्शा कारगिल चौक से पश्चिम डबल डेकर के पश्चिमी छोर के पास से पुनः गायघाट की ओर जाएंगे।
4. एग्जीबिशन रोड में ऑटो / ई-रिक्शा भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर नहीं आयेंगे।
5. एसपी वर्मा की ओर से गांधी मैदान की ओर आने वाले ऑटो / ई-रिक्शा स्वामी नंदन तिराहा तक आयेंगे। वहां से बाटा मोड़ होते हुए वापस जायेंगे।
6. बुद्ध मार्ग / छज्जू बाग से टीएन बनर्जी पथ पर ऑटो / ई-रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
7. पुलिस लाईन गेट नंबर -1 से बैंक रोड में ऑटो ई-रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
8. मछुआ टोली से बारी पथ पर ठाकुर बाड़ी मोड़ तक ऑटो ई-रिक्शा का परिचालन किया जायेगा। ठाकुरबाड़ी मोड़ होते हुए वापस जायेंगे। किसी भी परिस्थिति में ऑटो ई-रिक्शा गांधी मैदान बाकरगंज की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
9. बुद्ध मार्ग पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली टी तक ऑटो ई रिक्शा का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
