अमृतसर में पेट्रोल पंप पर फायरिंग, एक की मौत: 2 घायल; मजीठिया बोले- मेरे करीबी परिवार टारगेट हो रहे, कानून नाम की चीज़ नहीं बची – Amritsar News h3>
बिक्रम मजीठिया द्वारा वीडियो जारी कर पंजाब सरकार पर सवाल खड़े किए गए।
अमृतसर के मजीठा विधानसभा क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर फायरिंग की गई, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। यह घटना रविवार को गांव कलेर मांगट में हुई।
.
आज अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया ने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई और उन्होंने पंजाब सरकार और राज्य के सीएम सरदार भगवंत सिंह मान पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा- क्या यह सीएम भगवंत मान का रंगला पंजाब है, जिसमें दिनदहाड़े फायरिंग कर किसी की हत्या कर दी गई? पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
मजीठिया बोले- मेरे करीबियों को टारगेट किया जा रहा
बिक्रम मजीठिया ने कहा- पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर दिन प्रति दिन बत्तर होने जा रहे हैं। हमारा राज्य पाकिस्तान जैसे देश के साथ बॉर्डर साझा करता है। मेरे परिवार के करीबी समरा परिवार के पेट्रोल पंप पर फायरिंग की गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, दूसरे के मुंह में गोली लगी है तो उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों के साथ मैं संवेदना व्यक्त करता हूं।
मजीठिया ने आगे कहा- पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बहुत ही गंभीर है। सबसे पहले मजीठा थाने में ब्लास्ट हुआ और फिर अन्य एक व्यक्ति के घर बम फेंका गया। फिरौतियां और टारगेट किलिंग जैसी वारदातें पंजाब में आम हो गईं हैं। लंबे समय से मेरे करीबियों को टारगेट किया जा रहा है। मैं हाई लेवल सुरक्षा की मांग करता हूं। पंजाब में पिछले कुछ समय में 17 ब्लास्ट हो चुके हैं। ऐसे में कोई कैसे सुरक्षित रहेगा।
सरदार बिक्रम मजीठिया द्वारा साझा की गई पोस्ट।
अब पढ़ें क्या था पूरा मामला, जिसमें युवक की मौत हुई
अमृतसर के मजीठा क्षेत्र से करीब 4 किलोमीटर दूर गांव कलेर मांगट में रविवार रात पेट्रोल न डालने की बात पर कार सवार युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मियों से मारपीट की और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में एक कर्मचारी की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए था।
रविवार रात करीब 9 बजे चार युवक एक कार से पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उस समय पंप बंद हो चुका था, जिस कारण कर्मचारियों ने उन्हें तेल देने से मना कर दिया। इसी बात पर युवक भड़क उठे और पंप कर्मियों के साथ बहस व मारपीट करने लगे। झगड़े के दौरान युवकों ने अचानक पंप पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से कर्मचारी गौतम निवासी उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे दो कर्मचारी अमित और दर्पण भी गोली लगने से घायल हो गए हैं। दोनों को अमृतसर स्थित गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती कराया गया है।