अमृतसर के मैरिज पैलेस में AAP सरपंच की हत्या: शादी समारोह में मुंह ढके बिना आए हमलावर, पीछे से सीधे सिर में गोली मारी; VIDEO सामने आया – Amritsar News h3>
AAP सरपंच जरमल सिंह के सिर में पीछे से गोली मारता हमलावर। देर शाम गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासुवाल ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।
पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान बदमाशों ने पैलेस में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली मारने का एक वीडियो भी सामने आया है।
.
इसमें दोनों हमलावर धीरे-धीरे सरपंच के पास आते दिख रहे हैं। एक आगे रहता है और दूसरा उसके पीछे। इसके बाद दोनों अपने कपड़ों में छिपी पिस्टल निकालते हैं। आगे वाला हमलावर टेबल पर बैठे खाना खा रहे सरपंच के पास जाता है और पीछे से उनके सिर में गोली मार देता है। गाेली लगते ही सरपंच टेबल पर गिर जाते है और दोनों हमलावर वहां भाग जाते हैं।
इसके बाद तुरंत घायल सरपंच को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। फायरिंग का पता चलते ही पुलिस पैलेस में पहुंची।
मृतक की पहचान तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के रहने वाले जरमल सिंह के रूप में हुई है। इस शादी समारोह में वह लड़की पक्ष की ओर से आए थे। पुलिस जांच के मुताबिक, उन पर 3 बार पहले भी हमला हो चुका है।
उधर, देर शाम गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासुवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर सरपंच की हत्या की जिम्मेदारी ली।
हमले के बाद के PHOTOS…
सरपंच के सिर में गोली लगने के बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें लोगों ने उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
इस टेबल पर सरपंच खाना खा रहे थे। हमले के बाद खून में सनी उनकी पगड़ी टेबल पर पड़ी रह गई।
मैरिज पैलेस में सरपंच को गोलियां मारने के बाद बारातियों में दहशत फैल गई। वे इधर-उधर भागने लगे।
शादी समारोह में फायरिंग के बाद लोगों ने सामान भी समेट लिया।
पोस्ट में लिखा- लड़के उठवाकर गोलियां मरवाईं सरपंच की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट में लिखा है- सत श्री अकाल जी, आज अमृतसर के मैरी गोल्ड रिजॉर्ट में जरमल सरपंच वल्टोहा की जो हत्या हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं डोली बल, प्रभ दासुवाल, अफ्रीदी तूत, मोहब्बत रंधावा, अमर खब्बे, पवन शौकीन लेते हैं। इसने पुलिस को 35 लाख रुपए दिए और साथ में दासुवाल जाकर मेरा घर खुलवाया था।
यह काम हमारे छोटे भाई गंगे ठकरपुरिया ने किया। पुलिस किसी को नाजायज तंग न करे। इस पर पहले भी हमने 2 बार अटैक किया, लेकिन ये बच गया। इसने घरों से नाजायज तौर पर लड़के उठवाकर गोलियां मरवाईं, जिनका हमसे कोई लेना-देना नहीं था। इस बात को पहले भी हम पोस्ट डालकर बता चुके हैं। हमने इसे फोन कर समझाया, लेकिन ये सुधरा नहीं। बाकी जो कमेंट में आकर बकवास करते हैं, उनकी तरफ हमारा ध्यान है। दविंदर बंबीहा ग्रुप, गोपी घन्यश्यामपुरिया ग्रुप, कौशल चौधरी ग्रुप, शगनप्रीत, मनजोत, राणा कंदोवालिया।
हत्या की जिम्मेदारी वाली कथित पोस्ट…
चश्मदीद बोला- अज्ञात युवक आए, सिर में गोलियां मारीं सरपंच की हत्या के चश्मदीद ने बताया कि अमृतसर में मैरीगोल्ड मैरिज पैलेस में शादी थी। दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच 2 अज्ञात युवक आए। उन्होंने आते ही सरपंच के सिर में गोलियां मारीं। मरने वाले आम आदमी पार्टी के वल्होटा से सरपंच जरमल सिंह थे। उनके बीच क्या रंजिश थी, इसके बारे में मुझे पता नहीं। किसी धमकी का भी पता नहीं।
चश्मदीद ने कहा- बारात दीनानगर से आई थी, जबकि लड़की पक्ष अमृतसर के अमरकोट गांव का रहने वाला है। वह दुल्हन की तरफ से शादी में शामिल होने आए थे। लड़की का भाई भी सरपंच है, इसलिए उन्हें शादी में बुलाया था। हमें 2 गोलियों की आवाज आई। उनकी मौत हो गई है।
हत्या के बारे में बताते शादी में आए चश्मदीद। उन्होंने कहा कि 2 गोलियों की आवाज सुनी।
दूल्हा-दुल्हन के निकलते ही फायरिंग हुई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस वक्त फायरिंग हुई, उससे कुछ देर पहले ही दूल्हा-दुल्हन वहां से निकले थे। ऐसे में माना जा रहा है कि हमलावर पूरी प्लानिंग के साथ कत्ल के इरादे से पैलेस में पहुंचे थे। चश्मदीदों की माने तो हमलावर नकाब आदि भी नहीं पहने हुए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मैरिज पैलेस के बाहर लगे CCTV से यह फोटो सामने आई है। इसमें दिख रहे इन 2 युवकों पर सरपंच को गोलियां मारने का आरोप है। इनकी पहचान नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक रूप से इनकी पुष्टि नहीं की।
सरपंच की हत्या के बाद भागते हमलावरों का वीडियो भी सामने आया है।
अकाली दल के बाद आम आदमी पार्टी जॉइन की थी जरमल सिंह पहले अकाली दल में थे। उन्होंने दो बार अकाली दल के समर्थन से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। मौजूदा सरपंच का चुनाव भी उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन से ही जीता।
फायरिंग के बाद शादी समारोह में अफरातफरी का माहौल रहा।
शादी में पहुंचे AAP विधायक ने ये बाते बताईं…
- सरपंच टेबल पर खाना खा रहे थे: इस मामले में तरनतारन में खेम करण विधानसभा से AAP विधायक सरवन सिंह धुन ने बताया- अमरकोट के सरपंच शैरी की बहन की शादी थी। मैं भी शादी समारोह में था। मैं हॉल में था और सरपंच जरमल टेबल पर बैठकर खाना खा रहे थे।
- गैंगस्टरों ने गोली मारी: विधायक बोले- परिवार का कहना है कि उन्हें गैंगस्टर की धमकी मिल रही थी। उनसे फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में सरपंच ने वल्टोहा थाने में केस भी दर्ज कराया था। यह रंजिश का मामला नहीं, बल्कि गैंगस्टर उन्हें धमका रहे थे। हत्या के पीछे की यही वजह हो सकती है।
- हमलावरों ने केवल सरपंच को निशाना बनाया: विधायक ने कहा- फायरिंग की आवाज सुनकर हम दौड़कर बाहर आए। तब तक उन्हें गोलियां मारी जा चुकी थीं। हमलावरों ने सिर्फ सरपंच को ही टारगेट किया। सरपंच के साथ टेबल पर बैठकर खाना खाते बाकी लोगों ने बताया कि हमलावर 2 थे। मेरी सिक्योरिटी भी मेरे साथ हॉल में ही थी।
- सिक्योरिटी ने लापरवाही बरती: विधायक ने कहा- सरपंच को सिक्योरिटी भी मिली हुई थी, लेकिन शायद सिक्योरिटी में कोई लापरवाही बरती गई। मैं भी उनसे मिला था। हमने एक साथ शगुन दिया। फिर मैं खाना खाने चला गया और वह टेबल पर दोस्तों के साथ बैठ गए। हमलावरों ने मुंह नहीं ढंका हुआ था।
हत्या को लेकर मीडिया से बात करते DCP जगजीत सिंह वालिया।
DCP बोले- इंटेलिजेंस और टेक्निकल टीमें जांच में जुटीं अमृतसर के DCP जगजीत सिंह वालिया ने कहा कि हम जांच कर रहे हैं। मैरिज पैलेस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। सरपंच को पहले भी धमकियां मिल रही थी? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तरनतारन का मामला है। इस बारे में तरनतारन पुलिस ही बता सकती है। सरपंच अमृतसर में फंक्शन में आए थे। हमलावर बाराती बनकर आए थे। इंटेलिजेंस और टेक्निकल टीमें जांच में जुट गई हैं। केस को जल्दी ट्रेस कर लेंगे।
