‘अफसर कॉल नहीं उठाते तो मुझे स्क्रीनशॉट भेजे’: झांसी में सभापति ने कहा- कुछ अधिकारी सपा-बसपा और कांग्रेस मानसिकता वाले – Jhansi News h3>
झांसी के कलेक्ट्रेट सभागार में विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति सुरेंद्र चौधरी ने बैठक कर अफसरों को निर्देश दिए।
अगर अधिकारी सीयूजी फोन नहीं उठाते तो उसका स्क्रीनशॉट लेकर मुझे भेज दीजिए। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वो जबाव भी देगा कि कॉल क्यों नहीं उठाया। जनप्रतिनिधि को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
.
ये कहना है विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति के सभापति सुरेंद्र चौधरी का। वे गुरुवार को झांसी के कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ अफसरों की बैठक ले रहे थे।
उन्होंने कहा- द्वेषभावना से काम करने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी भी कुछ अधिकारी सपा, बसपा और कांग्रेस की मानसिकता वाले हैं। अगर ऐसे अफसर सरकार को बदनाम करने की सोच के साथ काम करेंगे तो कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों के पत्रों काे प्राथमिकता दें
सभापति ने झांसी और जालौन के अफसरों की मीटिंग ली।
सभापति सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के पत्रों का प्राथमिकता से संज्ञान लेकर निस्तारण कराएं। काम हो जाए तो उनको अवगत भी कराएं। सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, उद्देश्यों और संचालित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए भी जनप्रतिनिधियों के विचारों और सुझावों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करें।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी और महिला उत्पीड़न के मामलों में पुलिस विभाग के अधिकारी गहनता से जांच कर कार्रवाई करें। जिला अस्पताल में ग्रामीण क्षेत्रों से सीटी स्कैन की जांच के लिए आने वाले मरीजों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में अनुपस्थित 3 अफसरों को नोटिस
बैठक में जालौन जिले के जिला सेवायोजन अधिकारी आलोक मिश्रा, राज्यकर विभाग अधिकारी अमित यादव और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मनोज कुमार शर्मा के बिना बताए अनुपस्थित रहने पर सभापति ने नाराजगी जताई। जालौन डीएम के जरिए एक हफ्ते में समिति के समक्ष स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में गरौठा विधायक जवाहर राजपूत, एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी, एमएलसी रमा निरंजन, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, डीएम मृदुल चौधरी, डीएम जालौन राजेश कुमार पांडेय, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, मेडिकल कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. मयंक सिंह आदि मौजूद रहे।
सहायक रजिस्ट्रार चिटफंड की शिकायत
बैठक में अफसरों के साथ जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों ने सहायक रजिस्ट्रार चिटफंड एंड सोसाइटी राम मुरारी लाल द्वारा शिक्षक विधायक डॉ. बाबूलाल तिवारी के साथ असहयोगात्मक व्यवहार करने की शिकायत की। इस पर सभापति ने नाराजगी जताते हुए सहायक रजिस्ट्रार को चेतावनी दी। उन्हें अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति होने पर उनके खिलाफ समिति कठोर कार्रवाई करेगी।
