अडानी मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया : AAP
जेपीसी की मांग करने वालों को परेशान कर रही बीजेपी
प्रेस कॉन्फ्रेंस मेंउन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं और उनकी पार्टियों को ‘परेशान’ कर रही है, जिन्होंने अडानी मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की थी। सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने उन नेताओं को परेशान करना शुरू कर दिया है, जो अडानी मामले की जेपीसी जांच की मांग कर रहे थे। सीबीआई, सेबी, आयकर विभाग सब खामोश हैं। एक तरफ अडानी हैं, जो करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर रहे हैं और बिना किसी जांच के खुलेआम घूम रहे हैं तथा दूसरी तरफ वे एक ऐसे नेता को गिरफ्तार कर रहे हैं, जो समर्पित रूप से काम कर रहे हैं।
आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईर्ष्या’
अमेरिका की ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने अडानी समूह की कंपनियों पर शेयर कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप लगाए थे। अडानी समूह ने आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया है। सिंह ने दावा किया कि भाजपा आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईर्ष्या’ करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों और बढ़ती लोकप्रियता से जलती है…मैंने कल कहा था कि यह तानाशाही की पराकाष्ठा है और मैं उस बयान को दोहराता हूं। लेकिन लोग सब कुछ देख रहे हैं और वे न्याय सुनिश्चित करेंगे। यह तानाशाही है। जल्द इस तानाशाही का अंत होगा।
AAP नेता जेल जाने से नहीं डरते
उन्होंने कहा कि आप आंदोलन से पैदा हुई है और इसके नेता जेल जाने से नहीं डरते। दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आप के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के लिए पुलिसकर्मियों को आप कार्यालय के भीतर भेजा गया। सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी हमारे पार्टी कार्यालय के अंदर आए और हमारे कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। यह भाजपा की तानाशाही की पराकाष्ठा है। दिल्ली पुलिस और तमाम केंद्रीय एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं।