यूक्रेन पर भीषण रूसी हमले के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शीर्ष कमांडरों संग की बैठक, रक्षा जरूरतों पर हुई चर्चा
रूस के साथ जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन ने रविवार को एक बड़े मिसाइल हमले का सामना किया, जिसके बाद राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने अपने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। समाचार…
रूस के साथ जारी संघर्ष के बीच यूक्रेन ने रविवार को एक बड़े मिसाइल हमले का सामना किया, जिसके बाद राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने अपने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस बैठक में युद्ध के मौजूदा हालात, हथियारों की आपूर्ति और देश की रक्षा से जुड़ी अन्य जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने रविवार को सेना के तीन अनुभवी अधिकारियों से बात की। इनमें सशस्त्र बलों के संयुक्त बलों के कमांडर मिखाइलो ड्रापाटी, जनरल स्टाफ के उप प्रमुख वोलोदिमिर होरबाटियुक और एयरबोर्न असॉल्ट फोर्सेज के कमांडर ओलेह अपोस्टोल शामिल थे।
रक्षा और आपूर्ति पर केंद्रित रही बैठक
राष्ट्रपति के अनुसार, मेजर जनरल ड्रापाटी ने सूमी, खार्किव, लुहांस्क और दोनेत्स्क क्षेत्रों की ताजा स्थिति पर जानकारी दी। जेलेंस्की ने रूसी सेना को उसके लक्ष्य हासिल करने से रोकने के लिए यूक्रेनी यूनिटों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, "यूक्रेन की आजादी, हमारी जमीन और हमारे लोगों की रक्षा के लिए हमें एक भी दिन बर्बाद नहीं करना चाहिए।"
बैठक में सहयोगी देशों के साथ हुए समझौतों को लागू करने और रक्षा सामग्री की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जेलेंस्की ने हवाई रक्षा को मजबूत करने और हर तरह के ड्रोन बनाने से जुड़े समझौतों को पूरी तरह लागू करने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इसके अलावा, ओलेक्सांद्रिवका क्षेत्र में एयरबोर्न असॉल्ट फोर्सेज के अभियानों पर भी चर्चा हुई।
कीव पर भीषण मिसाइल हमला
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब रूस ने रविवार को यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमला किया। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने कीव पर लगभग 40 इस्कंदर-एम और हाइपरसोनिक जिरकॉन मिसाइलें दागीं। लगभग पांच घंटे तक चले इस हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन रूस के हमलों का पूरी तरह उचित और सटीक जवाब दे रहा है और यूक्रेनी बलों ने रूस के कई रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाया है।
इनपुट: IANS



