यूपी राज्यसभा चुनाव: BJP के आठों उम्मीदवारों का नामांकन, सभी 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव में अब मतदान की नौबत नहीं आएगी। समाजवादी पार्टी के तीसरा उम्मीदवार न उतारने के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ और सपा के दो…
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव में अब मतदान की नौबत नहीं आएगी। समाजवादी पार्टी के तीसरा उम्मीदवार न उतारने के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ और सपा के दो प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मंगलवार को भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही यूपी की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर तस्वीर साफ हो गई है। उम्मीदवारों की संख्या सीटों के बराबर होने से अब मुकाबला खत्म हो गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी। राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना था, लेकिन अब इसकी आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
भाजपा उम्मीदवारों का नामांकन
मंगलवार को भाजपा के सभी आठ प्रत्याशी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद सभी ने विधानसभा जाकर अपना पर्चा भरा। इस महत्वपूर्ण मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने वालों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपीकृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
'कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान'
नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उम्मीदवार राम प्रताप सिंह चौहान ने कहा, "पार्टी ने उन्हें उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है और वह पार्टी के एक कार्यकर्ता के रूप में मिली इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।" वहीं, प्रकाश पाल ने इसे पिछड़े वर्गों का सम्मान बताते हुए कहा कि "पार्टी ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष को राज्यसभा भेजकर पिछड़े वर्गों में उत्साह पैदा किया है।"
सपा पर भाजपा नेताओं का निशाना
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसा। अखिलेश यादव के 403 सीटों के लक्ष्य पर उन्होंने कहा, "जब अखिलेश यादव सभी 403 सीटों का लक्ष्य तय करते हैं तो 100 तक पहुंचते-पहुंचते उनकी साइकिल डगमगाने लगती है।" उन्होंने दावा किया कि सपा ने भाजपा की ताकत को देखते हुए ही तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारा। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी हार का ठीकरा फोड़ने के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाती है।
उधर, समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव और धनंजय परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन कर चुके हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।"
इनपुट: IANS



