मंगलवार, 28 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम अब 'परशुरामपुरी', योगी कैबिनेट ने दी अंतिम मंजूरी

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलकर 'परशुरामपुरी' करने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी है। स्थानीय मान्यताओं में इस स्थान को भगवान परशुराम की जन्मस्

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम अब 'परशुरामपुरी', योगी कैबिनेट ने दी अंतिम मंजूरी
(फोटो: IANS)

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद कस्बे का नाम बदलकर 'परशुरामपुरी' करने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी है। स्थानीय मान्यताओं में इस स्थान को भगवान परशुराम की जन्मस्थली माना जाता है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, केंद्र सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलने के बाद सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया।

विज्ञापन

कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इस निर्णय की पुष्टि की। इस बैठक में कुल 29 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें से 28 को मंजूरी दे दी गई, जबकि मदरसा शिक्षा से जुड़ा एक प्रस्ताव फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

स्टार्टअप और होमगार्डों के लिए अहम फैसले

कैबिनेट ने प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 'उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026' और 'उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन' के गठन को भी हरी झंडी दिखाई। इस मिशन के लिए एक हजार करोड़ रुपए का फंड बनाया गया है। इसके अलावा, राज्य के लगभग 1.60 लाख होमगार्डों और उनके आश्रितों को पांच लाख रुपए तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

पशुपालक, श्रमिक और खिलाड़ियों के हित में निर्णय

किसानों और पशुपालकों को राहत देने के लिए 'मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना' शुरू करने का भी निर्णय लिया गया। इस योजना के तहत पशुओं का बीमा होगा, जिसमें प्रीमियम का 85% सरकार और 15% पशुपालक देंगे। इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को समूह 'ख' और 'ग' के पदों पर सीधी भर्ती देने के लिए नियमों में संशोधन किया गया। श्रम विभाग के तहत वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज और गोरखपुर-मुरादाबाद में 100-100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के लिए जमीन देने का फैसला भी हुआ।

शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव

बैठक में तीन नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना को भी मंजूरी मिली। इनमें बिल्हौर में महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय और फतेहपुर में ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय शामिल हैं। साथ ही, रायबरेली में एक उद्यान महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना को भी स्वीकृति दी गई।

इनपुट: IANS

N

News4Social वायर डेस्क

News4Social का वायर डेस्क समाचार एजेंसियों (IANS आदि) की लाइसेंस-प्राप्त फीड से ताज़ा व प्रामाणिक राष्ट्रीय, राज्य और विषय-आधारित खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर का स्रोत स्पष्ट रूप से श्रेय (credit) के साथ दिया जाता है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →