बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'तरंग शक्ति 2026': पहली बार अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना के साथ
अमेरिकी वायुसेना के अत्याधुनिक एफ-35 लड़ाकू विमान पहली बार भारतीय वायुसेना के साथ किसी सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। राजस्थान के जोधपुर में चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास 'तरंग शक्ति 2026' में…
अमेरिकी वायुसेना के अत्याधुनिक एफ-35 लड़ाकू विमान पहली बार भारतीय वायुसेना के साथ किसी सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। राजस्थान के जोधपुर में चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास 'तरंग शक्ति 2026' में छह एफ-35 विमानों की भागीदारी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बनी हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि यह विमान पहले भारत में एयरो शो के दौरान प्रदर्शित हो चुका है, लेकिन यह पहला मौका है जब यह किसी संयुक्त सैन्य अभ्यास का हिस्सा बना है।
26 सितंबर से शुरू हुआ यह अभ्यास 12 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य संयुक्त हवाई अभियानों के माध्यम से भाग लेने वाले देशों के बीच आपसी तालमेल और अनुभव साझा करना है। इस अभ्यास की मुख्य भावना 'साझेदारी में शक्ति' (Power in Partnership) है, जो जमीन पर दोस्ती और आसमान में तालमेल को दर्शाता है।
कौन-कौन देश ले रहे हैं हिस्सा?
इस वृहद सैन्य अभ्यास में भारतीय वायुसेना के साथ ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायुसेनाएं शामिल हैं। इन देशों के विभिन्न प्रकार के लड़ाकू, परिवहन और हवा में ईंधन भरने वाले विमान संयुक्त प्रशिक्षण अभियानों को अंजाम दे रहे हैं।
सिर्फ हवाई उड़ानें नहीं, ज़मीनी संवाद भी
यह आयोजन केवल विमानों की उड़ानों तक ही सीमित नहीं है। इसमें वायु दलों, अभियान योजनाकारों और जमीन पर काम करने वाले कर्मियों के बीच पेशेवर बातचीत भी हो रही है। इसके अलावा, भाग लेने वाले देशों के सैन्यकर्मियों को एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझने का अवसर देने के लिए संगोष्ठी, औद्योगिक भ्रमण, विरासत स्थलों के दौरे और योग जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



