नोएडा: दिल्ली-NCR में बाइक चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 मोटरसाइकिलें और अवैध हथियार बरामद
नोएडा के एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में…
नोएडा के एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में सक्रिय था और पहले कार से रेकी करने के बाद मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 हीरो स्प्लेंडर बाइक, वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक आई-10 कार और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को एक गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सेक्टर-168 नोएडा के छपरौली टी-प्वाइंट से सागर यादव और सोनू कुमार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को तुरंत नहीं बेचते थे, बल्कि कुछ समय के लिए सुनसान जगहों या झाड़ियों में छिपा देते थे। बाद में मौका देखकर इन्हें सस्ते दामों पर बेचकर पैसा कमाते थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें (सभी हीरो स्प्लेंडर) बरामद की हैं। इसके अलावा, अपराध में इस्तेमाल की गई एक आई-10 कार, एक आईफोन 13 प्रो और 1300 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी सागर यादव के पास से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला, जबकि दूसरे आरोपी सोनू कुमार के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान 21 वर्षीय सागर यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है। दूसरा आरोपी 25 वर्षीय सोनू कुमार उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर का निवासी है। दोनों फिलहाल नोएडा के सेक्टर-135 स्थित ग्राम वाजिदपुर में रह रहे थे। पुलिस अब बरामद वाहनों से जुड़े चोरी के मामलों का पता लगा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों व इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



