पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: फौजी का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस ट्रक से टकराई, 4 की मौत
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब भारतीय सेना के एक सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर उनके गृह…
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब भारतीय सेना के एक सूबेदार का पार्थिव शरीर लेकर उनके गृह जनपद देवरिया जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार चालक समेत सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे सुल्तानपुर जिले के हलियापुर के पास, अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा पर हुआ। एंबुलेंस चंडीगढ़ से सूबेदार सत्यवान फौजी का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए चली थी, लेकिन अपनी मंजिल पर पहुंचने से पहले ही यह दुखद घटना घट गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि एंबुलेंस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते वह सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई।
पुलिस ने की मृतकों की पहचान
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि डायल 112 पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 79.6 पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी के मुताबिक, हादसे में एंबुलेंस चालक जसपाल के अलावा सूबेदार के तीन परिजन — राजन सिंह (पुत्र भूपति), गौरव सिंह (पुत्र सत्यभान) और राम समझ (पुत्र जयसिंह) — की मृत्यु हो गई। सभी मृतक देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए लिखा, "जनपद सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है।" मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शोक संतप्त परिवारों से संपर्क कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनपुट: IANS



