यूपी: दिवाली और छठ पर 24 घंटे रोशन रहेंगे घर, सरकार ने दिए निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश
त्योहारों के मौसम में उत्तर प्रदेश के लोगों को बिजली कटौती से राहत मिलने वाली है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति…
त्योहारों के मौसम में उत्तर प्रदेश के लोगों को बिजली कटौती से राहत मिलने वाली है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सरकार का लक्ष्य है कि प्रकाश के पर्व दीपावली पर कोई भी घर अंधेरे में न रहे।
प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार होने वाली बिजली कटौती किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपभोक्ताओं को राहत, बिजली चोरों पर सख्ती
मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहार के समय बिजली बिल बकाया होने पर किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन न काटा जाए। हालांकि, उन्होंने बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा है, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इसके अलावा, जहां भी जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ओवरलोडिंग से बिजली न कटे।
नए कनेक्शन और बिलों में राहत
ऊर्जा मंत्री ने 'झटपट पोर्टल' पर लंबित पड़े बिजली कनेक्शन के आवेदनों का तेजी से निपटारा करने और निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था सुधारने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। यह लगातार पांचवां महीना है जब घरेलू और व्यावसायिक सहित अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को बिल में सीधा लाभ मिला है। साथ ही, नई बनी नगर पंचायतों में भी मुख्यालयों की तरह ही गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, जिसके लिए नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट देने को तैयार है।
इनपुट: IANS



