यूपी MLC चुनाव: 11 सीटों के लिए मतदान जारी, सैफई में रामगोपाल यादव ने डाला वोट
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज यानी 23 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राज्य के कई जिलों में मतदाता सुबह से ही वोट डालने…
उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज यानी 23 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राज्य के कई जिलों में मतदाता सुबह से ही वोट डालने पहुंच रहे हैं, जिनमें लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और इटावा प्रमुख हैं। इन 11 सीटों में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं।
मतदान की यह प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से सुबह 8 बजे शुरू हुई और शाम 4 बजे तक चलेगी। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को की जाएगी। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने इटावा के सैफई ब्लॉक में अपना वोट डाला।
सपा को जीत का भरोसा
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में रामगोपाल यादव ने अपनी पार्टी के दोनों उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "हमारे दोनों उम्मीदवार जीतेंगे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार जीतेंगे।" चुनाव में विपक्षी नेताओं को परेशान करने के आरोपों पर उन्होंने बताया कि औरैया में पुलिस की मौजूदगी की सूचना पर उन्होंने चुनाव आयोग और पुलिस अधीक्षक से बात की, जिसके बाद मामला सुलझ गया। उन्होंने कहा कि कहीं और से किसी गड़बड़ी की खबर नहीं है। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के सवाल पर उन्होंने कहा कि मतदाताओं को भी समय पर अपना नाम जांचना चाहिए।
विभिन्न जिलों में मतदान की स्थिति
वाराणसी: यहां स्नातक क्षेत्र के लिए 81 और शिक्षक क्षेत्र के लिए 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक क्षेत्र में 2,88,567 और शिक्षक क्षेत्र में 34,899 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। एसीपी प्रज्ञा पाठक ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
रायबरेली: जिले में कुल 20 मतदान केंद्रों के 61 बूथों पर वोटिंग जारी है। यहां स्नातक वर्ग के 29,261 और शिक्षक वर्ग के 4,384 मतदाता हैं।
हरदोई: यहां के जीआईसी इंटर कॉलेज में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। मतदान केंद्र पर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है और प्रशासन व पुलिस की कड़ी निगरानी है।
इनपुट: IANS



