बुलंदशहर: देर रात निर्माणाधीन मकान ढहा, NDRF-SDRF ने मलबे से 3 लोगों को सुरक्षित निकाला
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार देर रात एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में तीन लोग दब गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, घटना छतारी कस्बे की है। सूचना मिलते ही पुलिस…
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार देर रात एक निर्माणाधीन दो मंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में तीन लोग दब गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, घटना छतारी कस्बे की है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग, SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
यह हादसा शुक्रवार रात करीब एक बजे हुआ जब निर्माणाधीन मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में एक महिला और दो पुरुष दब गए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया और तीनों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।
तेज कार्रवाई, सभी सुरक्षित
वित्त व राजस्व विभाग के एडीएम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात करीब एक बजे थाना छतारी क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान गिरने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, "उक्त सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग, एनडीआरएफ, एमडीआरवी वैन व प्रशासन की टीमों को मौके पर भेजा गया और राहत व बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।"
एडीएम के मुताबिक, बचाई गई महिला की हालत सामान्य है, जबकि घायल दोनों पुरुषों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान की गंभीरता को देखते हुए अलीगढ़ से मल्टी डिजास्टर रिस्पॉन्स व्हीकल (एमडीआरवी) भी बुलाया गया था। सभी टीमों ने समन्वय के साथ काम किया।
कैनाइन सर्च और शांति व्यवस्था
बचाव कार्य पूरा होने के बाद, एनडीआरएफ की टीम ने यह सुनिश्चित करने के लिए कैनाइन सर्च (खोजी कुत्तों से जांच) भी की कि मलबे में कोई और तो नहीं फंसा है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि फिलहाल मौके पर कानून और शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
इनपुट: IANS



