UP Nikay Chunav में 6 दिन बचा प्रचार, विपक्षी सुरमाओं का अभी इंतजार… अखिलेश, मायावती, प्रियंका ऐक्टिव नहीं!

10
UP Nikay Chunav में 6 दिन बचा प्रचार, विपक्षी सुरमाओं का अभी इंतजार… अखिलेश, मायावती, प्रियंका ऐक्टिव नहीं!

UP Nikay Chunav में 6 दिन बचा प्रचार, विपक्षी सुरमाओं का अभी इंतजार… अखिलेश, मायावती, प्रियंका ऐक्टिव नहीं!

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 390 शहरी निकायों में चुनाव प्रचार के लिए कुल छह दिन बचे हैं, लेकिन अभी विपक्ष के सूरमाओं के जमीन पर उतरने का इंतजार है। वहीं, सत्तारूढ़ भाजपा के शीर्ष चेहरों ने जनसभाओं, चुनावी समन्वय बैठकों का क्रम तेज कर दिया है। बसपा प्रमुख मायावती के जमीन दौरे होने की संभावना नहीं है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लखनऊ आए ही करीब 10 महीने हो चुके हैं। वहीं, सपा मुखिया अखिलेश यादव की भी चुनावी सभाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।प्रदेश में पहले चरण में 4 मई को वोट पडेंगे। इसमें 10 नगर निगमों के मेयर, 830 पार्षदों, 104 नगर पालिका अध्यक्ष और 2776 सदस्यों, 276 नगर पंचायत अध्यक्ष और 3682 सदस्यों का चुनाव होना है। पहले चरण की मेयर की सभी दसों सीट सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी में 2017 में भाजपा ने कब्जा जमाया था, जबकि किसी विपक्षी दल का खाता नहीं खुला था। इस चरण में मैनपुरी, रामपुर जैसे जिलों के शहरी निकायों में वोटर सियासी दलों की परीक्षा लेंगे, जिन्हें सपा का गढ़ माना जाता रहा है। इन सभी सीटों पर चुनाव प्रचार 2 मई को बंद हो जाएगा। फिर भी विपक्ष के प्रमुख चेहरे अभी तक जमीन पर नहीं पहुंच पाए हैं।

दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा अपने प्रचार अभियान को आक्रामक रूप दे चुकी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर, शामली और अमरोहा और 25 अप्रैल को उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ को चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया था। गुरुवार को वह फिरोजाबाद सहित कुछ और निकायों में चुनाव प्रचार के लिए मौजूद रहेंगे। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी चुनावी क्षेत्रों में पसीना बहा रहे हैं।

चुनिंदा जिलों में पहुंचेंगे अखिलेश!
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दावा किया है कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को जनता साफ कर देगी। हालांकि, इस दावे की जमीन पुख्ता करने के लिए उनका जनता के बीच जाना बाकी है। सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव पहले चरण के 37 जिलों के कुछ चुनिंदा निकायों में ही प्रचार में निकलेंगे। लखनऊ में भी उनका कार्यक्रम लग सकता है।

बुधवार को सपा मुखिया एक शोक संवेदना के कार्यक्रम में गाजियाबाद में थे, जहां वह मेयर प्रत्याशी पूनम यादव के घर भी गए, यहां दूसरे चरण में चुनाव है। इटावा और मैनपुरी में शिवपाल यादव जरूर सक्रिय हैं, हालांकि इटावा में दूसरे चरण में चुनाव है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 28 या 29 से वह चुनावी दौरों पर निकलेंगे।

मायावती-प्रियंका की दूरी
यूपी में खिसक चुकी अपनी जमीन को पाने में फिलहाल बसपा और कांग्रेस नेतृत्व की कोशिशें ‘फरमान’ तक ही सीमित है। विधानसभा में मात्र एक सीट पर सिमट गई बसपा की मुखिया मायावती निकाय चुनाव में प्रचार के लिए नहीं निकलेंगी। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के जिम्मे यह काम सौंप दिया गया है। कांग्रेस की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी तो पिछले जुलाई के बाद से यूपी कांग्रेस के कार्यालय ही नहीं आई हैं।

आखिरी बार वह 4 जनवरी को वेस्ट यूपी में भारत जोड़ो यात्रा में यूपी आई थीं। कर्नाटक चुनाव को देखते हुए यूपी में उनके आने की संभावना न के बराबर है। दिल्ली में सरकार से लेकर एमसीडी तक पर कब्जा कर चुकी आम आदमी पार्टी के भी चुनावी जीत के बड़े-बड़े दावे है। हालांकि, उनके स्टार प्रचारक के तौर पर यूपी में केवल संजय सिंह की सक्रियता है और वह भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुद्दे गिनाने तक ही सीमित है।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News