उत्तर प्रदेश में बारिश का कहर: बदायूं में मकान ढहने से मासूम की मौत, कई ज़िलों में बाढ़ जैसे हालात
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश ने जन-जीवन पर गहरा असर डाला है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस बारिश के चलते बदायूं में एक कच्चा मकान ढह गया, जिसके मलबे में दबकर…
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश ने जन-जीवन पर गहरा असर डाला है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस बारिश के चलते बदायूं में एक कच्चा मकान ढह गया, जिसके मलबे में दबकर डेढ़ साल के बच्चे की दुखद मौत हो गई। इस घटना में परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल भी हुए हैं।
पीड़ित परिवार ने बताया, "कच्चा मकान था, तीन दिनों से बारिश हो रही थी। कच्चा मकान था, जो गिर गया और इसमें बच्चे की मौत हो गई। वहीं, तीन लोग इस घटना में घायल हो गए।" बच्चे की पहचान रोहन के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने की पुष्टि
बदायूं जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. गजेंद्र वर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "दो लोग आए थे, जो कि मकान ढहने की वजह से नीचे दब गए थे। उसमें डेढ़ साल का रोहन नाम का बच्चा मृत अवस्था में यहां लाया गया था। कालीचरण नाम के एक व्यक्ति को सीने में चोट लगी है। उनका इलाज चल रहा है।"
अन्य ज़िलों में भी भारी नुकसान
बारिश का कहर सिर्फ बदायूं तक सीमित नहीं है। बरेली के कई इलाकों में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहाँ सड़कों और घरों में घुटनों तक पानी भर गया है। एक स्थानीय निवासी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, "इससे यहां बहुत दिक्कत हो रही है। हम यहां से निकल भी नहीं सकते। कोई कहां जाए? घरों में पानी भर गया है, यही सबसे बड़ी दिक्कत है। हमारे घर में घुटनों तक पानी भरा है।"
इसी तरह, कायमगंज इलाके में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में नहाते समय दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कन्नौज में भी एक घर गिरने से दो बकरियों की मौत हो गई और परिवार को खुले में रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है, जहाँ वे सरकारी मदद का इंतजार कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



