UP Assembly Election 2022 : तीन रथ तीन दिशाएं तीन विचार, दल बढ़ाएंगे अपना जनाधार

102

UP Assembly Election 2022 : तीन रथ तीन दिशाएं तीन विचार, दल बढ़ाएंगे अपना जनाधार

– सपा, प्रसपा और बीजेपी रथयात्राओं के जरिए निकल रहे नब्ज टटोलने

लखनऊ. UP Assembly Election 2022 यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी दलों ने चुनावी शंखनाद कर दिया है। 12 अक्टूबर से यूपी के शहर-शहर में राजनीतिक हलचल शुरू हो जाएगी। तीन प्रमुख राजनीतिक दल तीन अलग—अलग दिशाओं से तीन अलग—अलग रथ यात्राएं निकलेंगे। तीनों अपनी अपनी विचारधाराओं के जादू से जनता को सम्मोहित करने की कोशिश करेंगे। लक्ष्य सभी का एक है यूपी की सत्ता पर काबिज होना। जिन पार्टियों के नेता रथों पर सवार होकर जनता को लुभाएंगे उनमें समाजवादी पार्टी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) और भाजपा शामिल हैं।

सपा की विजय रथ यात्रा

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने 2012 में क्रांति रथ निकाले थे। इस बार वह विजय रथ पर सवार होंगे। अखिलेश यादव औद्योगिक नगरी कानपुर से 12 अक्टूबर को विजय रथ यात्रा का आगाज करने जा रहे हैं। विजय रथ यात्रा घाटमपुर, हमीरपुर जालौन होते हुए कानपुर देहात के माटी पहुंचेगी। तीन माह में अलग-अलग चरणों में यह यात्रा पूरे प्रदेश को कवर करेगी। हर जिले में सपा अध्यक्ष कम से कम एक जनसभा करेंगे। और भाजपा सरकार की नाकामियों को गिनाएंगे। साथ ही समाजवादी और लोहियावादी विचारधारा से जनता को जोड़कर अपना वोट बैंक पक्का करेंगे।

UP Assembly Election 2022 - samajik parivartan rath yatra

प्रसपा की सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा

भतीजे अखिलेश यादव की हामी के इंतजार के लिए दरवाजे की चौखट तकते-तकते जब प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव निराश हो गए तो अब बड़े जोर शोर के साथ भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा से 12 अक्तूबर को अपनी सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा निकालने जा रहे हैं। यह यात्रा मथुरा से शुरू होगी और सात चरणों में रायबरेली में खत्म होगी। यात्रा के जरिए शिवपाल सभी जिलों का चुनावी दौरा करेंगे। शिवपाल के लिए अपनी और पार्टी की हैसियत बनाने के लिए विधानसभा चुनाव 2022 बेहद अहम है। शिवपाल यादव कट्टर लोहियावादी विचारधारा के है। 12 अक्टूबर को लोहिया की पुण्यतिथि भी है। प्रसपा विधानसभा की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। भाजपा के साथ सपा मुकाबले में है।

लखनऊ गोल्फ क्लब अध्यक्ष चुने गए आईएएस मुकुल सिंघल, आईएएस नवनीत सहगल 146 वोटों से हारे

UP Assembly Election 2022

भाजपा का जागरूकता रथ

सपा व प्रसपा की रथ यात्रा का जवाब देने के लिए और पार्टी की नीतियों का बखान करने के लिए भाजपा भी रथ यात्रा निकालने जा रही है। रथ यात्रा के जरिए वह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। और कोशिश होगी की जनता को अपनी विचारधारा समझा कर वोट में तब्दील करें। वैसे सपा के विजयरथ के जवाब में भाजपा ने एक दिन पहले ही कानपुर से जागरूकता रथ निकल दिया है। इस रथ को विधायक सुरेंद्र मैथानी ने हरी झंडी दिखाई है। रथ में लगी एलईडी के जरिए चौराहों पर पीएम नरेंद्र मोदी औऱ सीएम योगी आदित्यनाथ की जनप्रिय नीतियों को बताया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि आयुष्मान कार्ड से लेकर उज्जवला योजना का लाभ किस तरह से जनता ले सकती है, इन सबकी जानकारी दी जाएगी।



उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News