UP विधानसभा चुनाव में 7 नंबर क्यों माना जा रहा लकी, भाजपा- सपा समेत सबके अपने दावे

59


UP विधानसभा चुनाव में 7 नंबर क्यों माना जा रहा लकी, भाजपा- सपा समेत सबके अपने दावे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, तमाम पार्टियों ने जोर आजमाइश शुरू कर दी है। कई नेताओं की लंबी फेहरिस्त है जो अपने दल बदल कर चुनाव में नई किस्मत पर दांव लगाने जा रहे हैं। इसी बीच कुछ राजनेता सात चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में सातवें नंबर पर भी ज्यादा फोकस कर रहे हैं। उनका कहना है कि 7 शुभ अंक उन्हें जीतने में मदद करेगा। सप्तऋषि नक्षत्र से लेकर संगीत के सात मूल स्वर और इंद्रधनुष के सात रंगों से लेकर शादी के सात फेरे, ये वे तर्क हैं जो राजनेताओं का सात अंक की तरफ ध्यान खींच रहा है। 

उत्तर प्रदेश  विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा को इस बार हैट्रिक की उम्मीद है तो विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को उम्मीद है कि आने वाले चुनावों में किस्मत उन पर मेहरबान हो जाए! चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक राज्य में चुनाव 10 फरवरी, 14 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और सात मार्च को होने है। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लकी नंबर सात को लेकर कई राजनेता के अपने-अपने दावे हैं। भाजपा के राज्यसभा सांसद संजय सेठ ने कहा कि सातवें नंबर को शुभ माना जाता है। पीटीआई के मुताबिक, संजय कहते हैं, “सप्तर्षि (सात पूज्य हिंदू संत) नक्षत्र है। एक इंद्रधनुष में सात रंग होते हैं और भारतीय शास्त्रीय संगीत में सात मूल स्वर होते हैं। 2017 के राज्य विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव भी सात चरणों में हुए थे और भाजपा ने यहां बड़ी जीत हासिल की थी। इस विधानसभा चुनाव में भी सात चरणों में चुनाव होना है। इस बार भी भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतेगी।”

सप्तऋषि इस बार कांग्रेस को देगी आशीर्वादः कांग्रेस
भाजपा की संभावित जीत की एक और वजह बताते हुए यूपी भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि चूंकि चुनाव के चरण पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहे हैं, भाजपा अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराएगी जैसा कि उसने 2017 और 2019 के चुनावों में किया था। हालांकि दूसरी ओर विपक्षी दल कांग्रेस नेता अशोक सिंह ने सत्तारूढ़ भाजपा पर “धोखा देने की राजनीति” करने का आरोप लगाया। भाजपा पर अपना प्रहार तेज करते हुए सिंह ने कहा, “भाजपा नेताओं को सप्ताह के सातों दिन झूठ बोलने की आदत है और इसलिए वे सूर्य देव के रथ के सात घोड़ों से कोई सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने की स्थिति में नहीं होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि ‘सप्तऋषि’ इस बार कांग्रेस को आशीर्वाद देने जा रहे हैं।”

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी चुनाव में आसानी से सात समंदर पार कर जाएगी। प्रदेश में 2014 के बाद से हुए चुनावों में भाजपा ने केवल छल की राजनीति की है। प्रदेश की जनता अब भाजपा के ‘सात रंग के सपने’ के बहकावे में नहीं आने वाली है। उन्होंने भाजपा को ‘सात समुंदर’ से आगे फेंकने का मन बना लिया है।

सात संगीतमय स्वरों के साथ लोगों को मंत्रमुग्ध करेगी सपाः सुरेश श्रीवास्तव
यूपी में सपा के उपाध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव ने पीटीआई को बताया, “सात चरणों का विधानसभा चुनाव इस बार समाजवादी पार्टी के लिए भाग्यशाली साबित होगा। सपा अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ सात संगीतमय स्वरों के साथ लोगों को मंत्रमुग्ध करेगी और चुनाव जीतेगी। चुनाव का सातवां और अंतिम चरण दिलचस्प रूप से 7 मार्च को पड़ रहा है जो सपा के पक्ष में आएगा।” 

उधर, राम सेवा ट्रस्ट प्रयागराज के संयोजक आशुतोष वार्ष्णेय ने कहा, “दूल्हा और दुल्हन अपने बंधन को मजबूत करने के लिए शादी के दौरान आग के चारों ओर ‘सात फेरे’ लेते हैं। अब, यह देखना बाकी है कि उत्तर प्रदेश में कौन सी पार्टी चुनाव में राज्य के लोगों के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए ऐसा कर पाएगी।” ‘सप्तपुरियों’ के सात पवित्र शहरों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने आगे कहा, “एक संस्कृत श्लोक अयोध्या, मथुरा, माया (मायापुरी या हरिद्वार), काशी (वाराणसी), कांची (कांचीपुरम), द्वारवती (द्वारका) और अवंतिका (उज्जैन) के सात तीर्थ शहरों का वर्णन करता है। ये सात शहर ‘मोक्ष’ के दाता हैं और मोक्षपुरी कहलाते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की विधानसभा में 403 सीटें हैं और 403 का एकल अंकों का योग भी 7 है।



Source link