जापानी सेना की यूनिट 516 के गोपनीय दस्तावेज़ जारी, रासायनिक युद्ध के नए सबूत सामने आए
चीन पर आक्रमण के दौरान जापानी सेना द्वारा किए गए रासायनिक युद्ध अपराधों को लेकर नए और पुख्ता सबूत सामने आए हैं। हाल ही में यूनिट 516 के 'व्यक्तिगत घोषणापत्र' नामक दस्तावेज़ पहली बार सार्वजनिक किए गए ह
चीन पर आक्रमण के दौरान जापानी सेना द्वारा किए गए रासायनिक युद्ध अपराधों को लेकर नए और पुख्ता सबूत सामने आए हैं। हाल ही में यूनिट 516 के 'व्यक्तिगत घोषणापत्र' नामक दस्तावेज़ पहली बार सार्वजनिक किए गए हैं, जो जापानी सेना की इस क्रूरता को प्रमाणित करते हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये महत्वपूर्ण सैन्य दस्तावेज़ चीन ने अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के माध्यम से जापान से हासिल किए हैं।
चीन पर जापानी आक्रमण के अपराधों से जुड़े साक्ष्य संग्रहालय द्वारा जारी इन दस्तावेज़ों में यूनिट 516 के 108 सदस्यों की व्यक्तिगत जानकारी दर्ज़ है। यह यूनिट, जापानी सेना का एक विशेष रासायनिक युद्ध प्रभाग थी, जो उस समय पूर्वोत्तर चीन के हेइलोंगच्यांग प्रांत के किकिहार शहर में तैनात थी।
क्या है इन दस्तावेज़ों में?
कुल 148 पृष्ठों के इन अभिलेखों में यूनिट के सदस्यों के सैन्य तबादलों और युद्ध के बाद उनकी रिहाई का विस्तृत ब्योरा है। इनमें सैन्य आश्रितों के अलावा तकनीकी अधिकारी, सैन्य चिकित्सक, पशु चिकित्सक और रासायनिक सैनिक भी शामिल थे। इन दस्तावेज़ों से यह भी पता चलता है कि जापानी सेना की जैविक और रासायनिक युद्ध इकाइयों के बीच एक आपराधिक मिलीभगत थी।
रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की पुष्टि
इन अभिलेखों की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इनमें कुछ सदस्यों द्वारा 'गैस' यानी विषैली गैस से जुड़े कार्यों में शामिल होने का स्पष्ट उल्लेख है। यह सीधे तौर पर इस बात की पुष्टि करता है कि यूनिट 516 ने न केवल रासायनिक हथियारों पर शोध किया, बल्कि उनका ज़मीनी स्तर पर इस्तेमाल भी किया था। इन दस्तावेज़ों को यूनिट 731 द्वारा किए गए अपराधों के साक्ष्य संग्रहालय ने जारी किया है, जो जापानी सेना के युद्ध अपराधों पर शोध करता है।
इनपुट: IANS



