अमरनाथ यात्रा: जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कार फिसली, मध्य प्रदेश के 5 श्रद्धालु घायल, एक की हालत गंभीर
अमरनाथ यात्रा पर निकले मध्य प्रदेश के पांच श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर क
अमरनाथ यात्रा पर निकले मध्य प्रदेश के पांच श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर के पास हुई, जब उनकी कार फिसल गई। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 5:15 बजे उस समय हुआ जब तीर्थयात्रियों का जत्था पहलगाम मार्ग की ओर बढ़ रहा था। उधमपुर के तोल्डी नाला इलाके के पास श्रद्धालुओं को ले जा रही एक अर्टिगा कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क पर फिसलकर नाली में जा फंसी। दुर्घटना के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और इलाज
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चार घायलों का इलाज जीएमसी उधमपुर में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला श्रद्धालु, जिनका नाम सीमा गुप्ता बताया गया है, को विशेष उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
इस घटना पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी, "अभी-अभी उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात हुई। उन्हें मध्य प्रदेश से अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक प्राइवेट गाड़ी के जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर टोल्डी नाला के पास सड़क दुर्घटना का शिकार होने की रिपोर्ट मिली थी। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल है और उसे तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू रेफर कर दिया गया है। हरसंभव मदद दी जा रही है।"
इनपुट: IANS



