Udaipur Murder: कन्हैया लाल की जघन्य हत्या के विरोध में उबला यूपी, कई जिलों में विरोध प्रदर्शन…नारों में दिखा गुस्सा

157

Udaipur Murder: कन्हैया लाल की जघन्य हत्या के विरोध में उबला यूपी, कई जिलों में विरोध प्रदर्शन…नारों में दिखा गुस्सा

लखनऊ: राजस्थान (Rajasthan) के उदयपुर (Udaipur) में कन्हैया लाल की हत्या (Kanhaiya Lal Murder) मामले में लोगों का आक्रोश भड़क गया है। कई जिलों में लोग इस जघन्य हत्याकांड के खिलाफ सड़कों पर उतरे। नुपुर शर्मा के बयान का समर्थन करने के आरोप में कन्हैया लाल की दुकान में घुसकर हत्या कर दी गई। कन्हैया लाल ने पहले ही अपनी जान को खतरा बताया था, लेकिन पुलिस में दर्ज कराए गए मामले के बाद भी उनकी सुरक्षा को लेकर कोई कदम नहीं उठाए गए। इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश में जमकर प्रदर्शन हुआ। निशाने पर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार रही। बुलंदशहर में तो प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोग ‘कन्हैया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारे लगाते देखे गए। यूपी में माहौल को गरमाता देख पुलिस और प्रशासन को सरकार ने अलर्ट मोड पर रखा है।

बुलंदशहर में सड़क पर उतरे हिंदू संगठन
कन्हैया लाल हत्याकांड और हत्या की घटना के इकबालिया बयान का वीडियो जारी किए जाने के खिलाफ बुलंदशहर में लोगों का गुस्सा भड़का। हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। काला आम चौराहा के पास प्रदर्शन के दौरान ‘कन्हैया हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारे सुनाई दिए। सड़कों पर उतरे कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार का पुतला फूंकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनने की कोशिश की। दोनों के बीच जमकर खींचतान हुई।

प्रदर्शनकारियों ने राजस्थान के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। हिंदू जागरण मंच ने राजस्थान सरकार को बर्खास्त करने की मांग केंद्र सरकार से की। मंच के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को ऐसी सजा देने की मांग की, जो नजीर बने। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी एसपी को ज्ञापन सौंपकर इस घटना पर अपना विरोध जताया।

आगरा में हिंदूवादी संगठनों ने किया जोरदार प्रदर्शन

आगरा में पुतला दहन को लेकर पुलिस से भिड़ंत
उदयपुर की घटना को लेकर आगरा में भी लोगों का जबर्दस्त गुस्सा भड़का। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नामनेर में घटना के विरोध में पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था। इस दौरान पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। उन्हें पुतला दहन करने से रोका। पुलिस ने पुतला छीन लिया। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के लोग पुलिस से भिड़ गए। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद सदर क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह भी पहुंचीं। उनकी प्रदर्शनकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। लेकिन, पुलिस ने पुतला दहन कार्यक्रम को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने राजस्थान सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

कानपुर में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका सीएम अशोक गहलोत का पुतला

कानपुर में फूंका गया अशोक गहलोत का पुतला
कानपुर में उदयपुर हत्याकांड को लेकर लोगों में जबर्दस्त आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने पहले तो जमकर राजस्थान सरकार के खिलाफ नारे लगाए। अपराधियों को सख्त सजा देने की मांग की। घटना के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दोषी करार दिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले जुटे कार्यकर्ताओं ने राजस्थान के मुख्यमंत्री का इस मौके पर पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करती दिखी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उदयपुर में हुई दर्दनाक घटना के आरोपियों को त्वरित कार्रवाई कर सजा दिलाई जानी चाहिए।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News