ओमान तट पर जहाज़ पर हमला: भारतीय इंजीनियर की मौत पर दुबई में दूतावास ने दुख जताया
ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज़ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान पुणे के मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर के रूप में हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार,
ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज़ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान पुणे के मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर के रूप में हुई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
वाणिज्य दूतावास ने एक्स (X) पर जारी एक बयान में कहा, "12 जुलाई 2026 को वाणिज्यिक जहाज एमवी जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।" दूतावास ने यह भी बताया कि वे शोक संतप्त परिवार के संपर्क में हैं और उन्हें सहायता प्रदान करने के लिए यूएई के संबंधित अधिकारियों और शिपिंग कंपनी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
परिवार ने की शव सौंपने की अपील
यह हमला रविवार, 12 जुलाई 2026 को एमवी जीएफएस गैलेक्सी नामक वाणिज्यिक जहाज़ पर हुआ था, जिसके बाद से हेरंब करमरकर लापता थे। उनके ससुर विवेक टंडन ने बुधवार को उनकी मृत्यु की पुष्टि की। IANS से बात करते हुए उन्होंने भावुक अपील की, "हमारा 30 साल का बच्चा था, कोई बुजुर्ग नहीं था। हमारी भारत सरकार से यही विनती है कि हमारे बच्चे की बॉडी सही सलामत हमें हैंड ओवर की जाए और उसे उसके घर पहुंचा दिया जाए।"
भारत सरकार की प्रतिक्रिया
इस हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है और इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाज़ों पर हो रहे लगातार हमलों को "बेहद चिंताजनक" बताया है। विदेश मंत्रालय ने पहले जानकारी दी थी कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है। मंत्रालय ने यह भी बताया था कि खोज और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है और उनके सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।
इनपुट: IANS



