दिल्ली: त्योहारों से पहले बड़ी कार्रवाई, मंडियों से 2800 किलो से ज़्यादा मिलावटी खोया और पनीर ज़ब्त
त्योहारों का मौसम आते ही दिल्ली में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ़ सरकार ने अभियान छेड़ दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई बड़ी मंडियों में…
त्योहारों का मौसम आते ही दिल्ली में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ़ सरकार ने अभियान छेड़ दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई बड़ी मंडियों में छापेमारी कर 2800 किलोग्राम से ज़्यादा असुरक्षित खोया, मक्खन और पनीर को नष्ट किया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के उस निर्देश के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने साफ़ कहा था कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख़्त एक्शन लिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा, "त्योहारों की तैयारियों के चक्कर में खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के लोगों तक कोई भी असुरक्षित या मिलावटी भोजन न पहुंचे।" उन्होंने चेतावनी दी कि जन-स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडियों में छापेमारी और ज़ब्ती
विभाग की टीमों ने खोया मंडी, मोरी गेट, बाग दीवार, संजय मार्केट और जनकपुरी मंडी जैसे प्रमुख थोक बाज़ारों में सघन निरीक्षण किया। इस दौरान खोया मंडी, मोरी गेट, बाग दीवार और संजय मार्केट में करीब 2830 किलोग्राम खोया, धाप और मक्खन लावारिस और बेहद गंदी हालत में मिला। इन चीज़ों से बदबू आ रही थी और ये खाने लायक नहीं थीं। जब इन सामग्रियों के मालिक का पता लगाने की कोशिश की गई तो कोई भी सामने नहीं आया, जिसके बाद इन्हें 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के तहत ज़ब्त कर मजनू का टीला स्थित एमसीडी डंपिंग साइट पर नष्ट कर दिया गया।
जांच में डिटर्जेंट तक मिला
जांच के दौरान लिए गए नमूनों के नतीजे भी चौंकाने वाले रहे। मोरी गेट से लिए गए खोया और क्रीम के सभी 10 नमूने लैब टेस्ट में फेल हो गए। वहीं, जनकपुरी मंडी में 'फूड सेफ्टी व्हील' से हुई मौके पर जांच में पनीर के 28 में से चार नमूनों में डिटर्जेंट की मिलावट पाई गई। इसके बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर लगभग 150 किलोग्राम पनीर और 10 किलोग्राम खोया मौके पर ही नष्ट कर दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग को त्योहारों के दौरान निगरानी और सख्त जांच जारी रखने का निर्देश दिया है।
इनपुट: IANS



