अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट: तुर्किये से भारत लाए गए किंगपिन नवप्रीत सिंह से खुलेंगे राज़?
अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के कथित किंगपिन नवप्रीत सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के कथित किंगपिन नवप्रीत सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नवप्रीत को हाल ही में तुर्किये से प्रत्यर्पित (डिपोर्ट) कर भारत लाया गया है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए उसकी हिरासत मांगी थी।
आरोप है कि नवप्रीत सिंह विदेश में फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसने 'नवाब विर्क' नाम से तुर्किये की नागरिकता भी हासिल कर ली थी। पुलिस अब उससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
कई राज्यों तक फैले हैं तार
दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के सिलसिले में नवप्रीत को पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ले जाने की जरूरत पड़ सकती है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले से गिरफ्तार रमनदीप, गुरप्रीत और गुरजोत से भी नवप्रीत का आमना-सामना कराया जाएगा, ताकि नेटवर्क की पूरी कड़ी को समझा जा सके।
कौन है नवप्रीत सिंह?
जांच एजेंसियों ने नवप्रीत को अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का मुख्य हैंडलर बताया है। दिल्ली हाई कोर्ट के रिकॉर्ड में भी उसे कथित ड्रग सिंडिकेट का मुख्य सरगना (किंगपिन) बताया गया था, जिसके तुर्किये में होने की जानकारी दर्ज थी। भारत में उसके खिलाफ ड्रग तस्करी के अलावा अन्य आपराधिक मामलों में भी जांच चल रही है।
नवप्रीत का नाम पहली बार 2021 में दिल्ली में सामने आए एक बड़े ड्रग्स मामले में आया था। अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, उस मामले में आरोपियों से लगभग 355.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। बाद में पंजाब पुलिस की जांच ने भी इस तुर्किये-स्थित ड्रग नेटवर्क को नवप्रीत सिंह उर्फ 'नव' से जोड़ा था।
इनपुट: IANS



