गुना: ट्रेनों में चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, यूपी के 9 बदमाश गिरफ्तार, 15 लाख के जेवर बरामद
मध्य प्रदेश में रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का जीआरपी ने भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उन
मध्य प्रदेश में रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का जीआरपी ने भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह गिरोह मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के हाथरस, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मथुरा, आगरा और कासगंज जिलों के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, ये गिरोह यात्रियों के साथ बैठकर उनके बैग की चेन खोलकर कीमती सामान चुरा लेता था। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ऐसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश
इस मामले की जांच 13 जून को दर्ज हुई एक शिकायत के बाद शुरू हुई थी। अशोकनगर के आविद खान अपने परिवार के साथ बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन से सफर कर रहे थे, जब मुंगावली स्टेशन के पास अज्ञात चोरों ने उनके ट्रॉली बैग से सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए थे। इस मामले को सुलझाने के लिए एक विशेष एसआईटी का गठन किया गया था।
पुलिस ने गुना, अशोकनगर, बीना, शिवपुरी और ग्वालियर समेत कई रेलवे स्टेशनों के 250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण से गिरोह के सदस्यों की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस टीमों ने उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर गिरोह के सरगना राजकुमार सिंह यादव को म्याना से गिरफ्तार किया गया, और फिर उसकी निशानदेही पर बाकी सदस्य भी पकड़े गए।
बरामदगी और अन्य मामले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें हार, चेन, कंगन और अंगूठियां शामिल हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कुछ चोरी के जेवर हाथरस में बेचे हैं, जिनकी बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा, गिरोह के दो सदस्यों ने ग्वालियर-बीना पैसेंजर ट्रेन में एक महिला का पर्स चुराने की बात भी कबूली है, जिसके बाद उनसे करीब 25 हजार रुपये का मंगलसूत्र बरामद हुआ।
गुना स्टेशन पर हुई लूट का भी खुलासा
जीआरपी गुना ने एक अन्य मामले में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हुई लूट की वारदात को भी सुलझा लिया है। इस मामले में शुभम वाल्मीकि और लाखन वाल्मीकी नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों ने 11 जुलाई को रबजीत यादव नाम के व्यक्ति को रेलवे ओवरब्रिज पर रोककर 36 हजार रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को पकड़कर उनके पास से 18 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
इनपुट: IANS



