तमिलनाडु: गणेश विसर्जन के दौरान नदी में डूबे इंजीनियरिंग छात्र की मौत, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में गणेश विसर्जन के दौरान एक दुखद घटना में इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 21 वर्षीय दिलीप थेनपेन्नईयार नदी में…
तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में गणेश विसर्जन के दौरान एक दुखद घटना में इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 21 वर्षीय दिलीप थेनपेन्नईयार नदी में मूर्ति विसर्जित करने उतरे थे, लेकिन पुराने तोड़े गए पुल के मलबे में फंसकर डूब गए।
यह हादसा कृष्णगिरि जिले के पोचमपल्ली के पास मंजामेडु इलाके में हुआ। मृतक दिलीप तिरुपत्तूर जिले के मोलंगारामपट्टी गांव के रहने वाले थे और एक निजी कॉलेज से बीई की पढ़ाई कर रहे थे। वह अपने दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जित करने के लिए नदी में गए थे।
प्रशासन की लापरवाही बनी मौत की वजह?
स्थानीय लोगों और मृतक के रिश्तेदारों ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने नदी पर बने एक पुराने पुल को तो गिरा दिया, लेकिन उसके सीमेंट और कंक्रीट के मलबे को ठीक से नहीं हटाया। उनका कहना है कि इन्हीं नुकीली छड़ों और मलबे में फंसने के कारण दिलीप की जान चली गई।
कैसे हुआ यह हादसा
घटना के समय, विभिन्न इलाकों से लोग थेनपेन्नईयार नदी में गणेश प्रतिमाएं विसर्जित करने के लिए जुटे थे। दिलीप भी इसी दौरान अपने दोस्तों के साथ नदी में उतरे, लेकिन अचानक वह मलबे में फंस गए। उनके साथियों और आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद जब उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



