Govardhan Puja 2021: यहां विराजमान हैं साक्षात गोवर्धन, द्वापर युगीन गिरिराज पर्वत की होती है पूजा

150

Govardhan Puja 2021: यहां विराजमान हैं साक्षात गोवर्धन, द्वापर युगीन गिरिराज पर्वत की होती है पूजा

Govardhan Puja 2021: कहते हैं कि गोवर्धन गौसंवर्धन का केंद्र है। तात्पर्य यह है कि यहां भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं में गौचारण लीला की है। पुराणों के अनुसार द्वापर युगीन गोवर्धन पर्वत आज भी अपने विशालकाय रूप में खड़ा है।

कृष्ण चन्द्र दुबे/भरतपुर/गोवर्धन। Govardhan Puja 2021: कहते हैं कि गोवर्धन गौसंवर्धन का केंद्र है। तात्पर्य यह है कि यहां भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाओं में गौचारण लीला की है। पुराणों के अनुसार द्वापर युगीन गोवर्धन पर्वत आज भी अपने विशालकाय रूप में खड़ा है। सात कोस परिक्रमा वाले इस गोवर्धन नाथ की पूजा पूरे विश्व में होती है। आज गोवर्धन को ब्रज का ह्दय माना जाता है। जब-जब सोलह कला अवतारी श्रीकृष्ण की अवतरित लीलाओं का अनुसरण करते हैं तो भगवान कृष्ण की गोवर्धन पूजा और गोवर्धन पर्वत को धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा का संकल्प सामने आता है।

श्रीकृष्ण ने स्वयं गोवर्धन पर्वत को ईश्वरीय स्वरूप प्रदान किया। कहते हैं कि श्रीकृष्ण ने भाव में ब्रजवासियों के संग एक रूप में पूजत और दूजे रूप में पुजाय कर गोवर्धन पर्वत को देवता तुल्य माना है। आस्था और विश्वास की अनूठी कड़ी में ईश्वरीय स्वरूप गोवर्धन पर्वत के करोड़ों आस्थावान भक्त हैं। सनातन धर्म में गोवर्धन पर्वत को रक्षा कर मनोकामना पूरी करने वाला देवता बताया है। दीपावली के ठीक एक दिन बाद देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में गोवर्धन जी की पूजा होती है। गोवर्धन पूजा के मुख्य केंद्र गोवर्धन धाम में विराजमान गोवर्धन पर्वत की पूजा क्यों होती है इसके पीछे सोलह कला अवतारी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का अनूठा वर्णन है।

गोवर्धन पूजा अन्नकूट के रूप में
इन्द्र का गर्व चूर करने के लिए गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों से करवाया था। यह आयोजन अन्नकूट पूजन के रूप में किया जाता है। इसकी शुरूआत द्वापर युग से मानी जाती है। उस समय लोग इंद्र देवता की पूजा करते थे। अनेकों प्रकार के भोजन बनाकर तरह-तरह के पकवान व मिठाईयों का भोग लगाते थे। कहते हैं कि मेघ देवता राजा इंद्र का पूजन कर प्रसन्न करने के लिए ऐसा आयोजन करते थे।

एक बार भगवान श्रीकृष्ण ग्वाल-वालों के साथ गाय चराते हुए गोवर्धन पर्वत के पास पहुंचे तो वह यह देखकर हैरान हो गये कि गोपियां 56 प्रकार के भोजन बनाकर बड़े उत्साह से उत्सव मना रही थीं। कृष्ण ने गोपियों से इस बारे में पूछा तो गोपियों ने बताया कि इंद्र देवता प्रसन्न होंगे और ब्रज में वर्षा होगी जिसमें अन्न पैदा होगा। इस पर कृष्ण ने गोपियों से कहा कि इंद्र देवता में ऐसी क्या शक्ति है जो पानी बरसाता है। इससे ज्यादा शक्ति तो गोवर्धन पर्वत में है, इसी कारण वर्षा होती है। हमें इंद्र देवता के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए।

 

goverdha3.jpg

ब्रजवासी कृष्ण के बताये अनुसार गोवर्धन की पूजा में जुट गए। सभी ब्रजवासी घर में अनेकों प्रकार के पकवान बनाकर बताई विधि के अनुसार गोवर्धन पर्वत की पूजा करने लगे। कृष्ण द्वारा किये गये इस अनुष्ठान को देवराज इंद्र ने अपना अपमान समझा तथा क्रोधित होकर अहंकार में मेघों को आदेश दिया कि वे ब्रज में मूसलाधार बारिश कर पूरे ब्रज को तहस-नहस कर दें। ब्रज में मूसलाधार बारिश होने पर ब्रजवासी घबरा गये तथा कृष्ण के पास पहुंचकर इंद्र देव के प्रकोप से रक्षा का निवेदन करने लगे। ब्रजवासियों की पुकार पर कृष्ण बोले कि सभी अपनी गऊओं सहित गोवर्धन पर्वत की शरण में चलो। यही गोवर्धन पर्वत ही सबकी रक्षा करेंगे। सभी ब्रजवासी अपने पशुधन के साथ गोवर्धन पर्वत की तलहटी में पहुंच गए।

यहीं श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठा लिया। सात दिन तक सात वर्ष के बालक कृष्ण ने सात कोस में फैले गोवर्धन पर्वत को सुरक्षा का कवच बनाया। यह चमत्कार देख देवराज इंद्र ब्रह्मा जी की शरण में आ गये तो ब्रह्मा जी ने उन्हें श्रीकृष्ण की वास्तविकता बताई। इद्र देवता को अपनी भूल पर पश्चाताप हुआ। ब्रज जाकर श्रीकृष्ण के चरणों में गिरकर क्षमा-याचना करने लगे। सातवें दिन श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को नीचे रखा और ब्रजवासियों से कहा कि आज से प्रत्येक ब्रजवासी गोवर्धन पर्वत की प्रत्येक वर्ष अन्नकूट कर पूजा करके उत्सव मनाया करेंगे। यही उत्सव अन्नकूट उत्सव के नाम से कहलाता है।

goverdhan_parakrima.jpg

गोवर्धन पर्वत का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में मान्यता है कि इसकी परिक्रमा करने से मांगी गई सभी मुरादें पूरी हो जाती हैं। यह आस्था का अनूठा मिसाल हैं। इसलिए इस पर्वत की लोट-लोट कर भी परिक्रमा की जाती है। परिक्रमा के लिए 21 किमी के फेरे लगाते हैं। परिक्रमा के रास्ते में पूजनीय स्थल हैं। दानघाटी मंदिर, आन्यौर, राजस्थान सीमा के अंतर्गत पूंछरी के लौठा, जतीपुरा मुखारविंद मंदिर, राधाकुंड में राधा-श्याम कुंड, कुसुम सरोवर, मानसी गंगा मुखारविंद मंदिर दर्शनीय हैं जहां आज श्रद्धालु पहुंचते हैं।

गोवर्धन पूजा को पहुंचे विदेशी
गोवर्धन पूजा अब पूरे विश्व में होने लगी हैं। अंतर्राष्ट्रीय गौड़ीय वेदांत समिति के द्वारा गिरधारी गौड़ीय मठ से गोवर्धन पूजा की विशेष शोभायात्रा उसी अनुरूप निकाली जाएगी जिस अनुरूप द्वापर युग में कृष्ण ने ब्रजवासियों से कराई थी। इस यात्रा में विदेशी महिलाएं व युवतियां भारतीय पोशाक पहनकर सिर पर प्रसाद की छबरी व दही-माखन की मटकी की लेकर चलेंगी। इस यात्रा में नाम जाप सिर्फ एक ही होगा हरि बोल का होगा। इस समिति से जुड़े माधव महाराज ने बताया कि गोवर्धन पूजा यात्रा के लिए थाईलैंड, नीदर लैंड, आस्ट्रेलिया, अमेरिका, स्पेन, इंग्लैंड आदि देशों से गिरिराज जी की भक्त आ गये हैं हालांकि कोरोना संक्रमण काल के चलते इस बार कम आए हैं।

वास करूं गोवर्धन धाम कौ, मानसी गंग नित प्रत नाहऊं
हेम सिलांन कौ ध्यान धरूं। श्री राधिका श्याम सौं चित्त लगाऊ
बैठकें माधुरी लता पतान में एसौ ही सुख सदा प्रभु पाऊं
ईश्वर दास की आस यही गिरिराज तजूं न बैकुण्ड कूं जाऊं

ganga_maiya.jpg

दीपावली पर कृष्ण की पूजा
ब्रज की संस्कृति को देश-विदेश पहुंचाने वाले अपनी लगातार पांचवी पीढ़ी में ब्रज की संस्कृति को लेकर चल रहे अंतर्राष्ट्रीय कलाकार मुरारी लाल तिवारी ने बताया कि जहां दीपावली को राम के अयोध्या आगमन पर खुशी के रूप में मनाया जाता है वहीं ब्रज गोवर्धन में द्वापर युग से ही ब्रजवासियों ने यहां दीपदान पर्व की परंपरा को शुरू किया। भगवान श्रीकृष्ण बलराम नंद यशोदा, गोपी ग्वाल सबने मिलकर मंगल कामना के लिए मानसी गंगा पर दीपदान किया। फिर ब्रजवासियों ने गायन किया।

mansi_ganga.jpg











राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News