बिहार में बाढ़ से 61 लोगों की हुई मौत!

352
बिहार में बाढ़ से 61 लोगों की हुई मौत!
बिहार में बाढ़ से 61 लोगों की हुई मौत!

बाढ़! बाढ़! और सिर्फ बाढ़ की ही खबर चारों तरफ से आ रही है। देश के कई बड़े हिस्सों में बाढ़ ने लोगों का जीना मोहाल करके रख दिया है। बाढ़ की वजह से लोग अपना न सिर्फ घरबार छोड़ रहे है, बल्कि अपनी जान भी गंवा रहे है। देश के सबसे बड़े दो राज्यों में बाढ़ ने आफत मचा दी है। जी हाँ, हम बात कर रहे है, उत्तर प्रदेश और बिहार की। देश के इन दोनों राज्यों में बाढ़ ने अपना कोहराम मचा रखा है। बाढ़ की वजह से अब तक हद से ज्यादा नुकसान हो गया है, हालांकि राहत की बात तो यह है कि बचाव कार्य प्रगति पर है।

देश के दूसरे सबसे बड़े राज्य यानि बिहार में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। आपको बता दें कि बुधवार को सरकार की तरफ से जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक अब तक बाढ़ से 61 लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही बुधवार को दो लोगों की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हो गई। बाढ़ के कहर के बीच नेताओं के हवाई सर्वेक्षण का कार्य भी लगातार जारी है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह बुद्धवार को बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

खबर के मुताबिक कृषि मंत्री राधामोहन सिंह बिहार के बाढ़ग्रस्त इलाकों में जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। राज्य के कृषि मंत्री आज बेतिया, 17 अगस्त को मोतिहारी और 18 अगस्त को शिवहर और मुज़फ्फरपुर जाएंगे। साथ ही राज्य के कृषि मंत्री सर्वेक्षण के दौरान जिले के अधिकारियों से बाढ़ राहत प्रबंधन पर विचार-विमर्श भी करेंगे। आपको यह भी बता दें कि बुधवार को ही राज्य के डिप्टी सीएम सुशील मोदी भी बाढ़ से प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण करेंगें। डीप्टी सीएम सुशील मोदी, सीएम नीतीश कुमार के साथ ही बाढ़ग्रस्त इलाकों के हवाई सर्वेक्षण को जायेंगे।

बिहार की सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो धैर्य बनाएं रखे, बचाव कार्य प्रगति पर है। आपको बता दें कि हर साल बाढ़ की वजह से देश के कोने-कोने में लोगों की मौत होती है, लेकिन देश-प्रदेश की सरकारें बाढ़ से निपटने के इंतजाम नहीं कर पाती है। बाढ़ आने की सबसे बड़ा कारण तो यही है कि देश-प्रदेश में जलनिकास की व्यवस्था सुचारू ढंग से नहीं है। देश के कई ऐसे इलाकें है, जहाँ थोड़ी ही बारिश में इलाका पानी से भर जाता है।

बहरहाल, बाढ़ की समस्या से सरकार लोगों को जल्दी ही बचा लें, और अब किसी और व्यक्ति की मौत बाढ़ से न हो, यह प्रदेश की जनता की सरकार से उम्मीद है।