शेयर बाजार: बड़े शेयरों में बिकवाली, सेंसेक्स 350 अंक टूटा, पर मिडकैप-स्मॉलकैप में दिखी रौनक
बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जहां बड़े शेयरों में बिकवाली के दबाव में प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, वहीं छोटे और मझोले शेयरों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की…
बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला, जहां बड़े शेयरों में बिकवाली के दबाव में प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए, वहीं छोटे और मझोले शेयरों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, दिन का कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 352.64 अंक (0.48%) गिरकर 73,246.03 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50.90 अंक (0.22%) की मामूली कमजोरी के साथ 22,698.85 पर बंद हुआ।
बाजार की यह गिरावट मुख्य रूप से लार्जकैप यानी बड़ी कंपनियों के शेयरों तक ही सीमित रही। इसके विपरीत, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 244.80 अंक (0.43%) की बढ़त के साथ 57,274.70 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 166.20 अंक (0.90%) की मजबूती के साथ 18,634.90 पर बंद हुआ। इससे यह संकेत मिलता है कि निवेशकों का भरोसा छोटे और मझोले आकार की कंपनियों पर बना रहा।
किन सेक्टरों में रही तेजी और मंदी?
बुधवार के कारोबारी सत्र में अलग-अलग सेक्टरों का प्रदर्शन भी बंटा रहा। ऑटो (1.45%), कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (1.41%), मीडिया (1.38%), हेल्थकेयर (1.15%) और फार्मा (1.04%) जैसे सेक्टरों में अच्छी खरीदारी देखी गई। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज और प्राइवेट बैंक सूचकांक भी हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस (-2.27%) और आईटी (-1.98%) सेक्टर में भारी बिकवाली हुई। कमोडिटीज, एनर्जी और रियल्टी सेक्टर भी गिरावट के साथ बंद हुए।
बाजार में गिरावट की वजह
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, दिनभर बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। कच्चे तेल की कीमतों में अचानक आई तेजी और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली ने निवेशकों की धारणा को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया। हालांकि, बैंकिंग, ऑटो और फार्मा सेक्टर के मजबूत नतीजों और निचले स्तरों पर हुई खरीदारी ने बाजार को ज्यादा गिरने से बचा लिया, जिससे शुरुआती गिरावट का एक बड़ा हिस्सा रिकवर हो गया। अब निवेशकों की निगाहें अमेरिकी फेड की पॉलिसी पर टिकी हैं।
सेंसेक्स में एलएंडटी, ट्रेंट, एसबीआई, मारुति सुजुकी और एमएंडएम जैसे शेयर फायदे में रहे, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, टीसीएस, भारती एयरटेल और टेक महिंद्रा जैसे बड़े शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
इनपुट: IANS



