SP Convention: नरेश उत्तम पटेल फिर बने सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश ने महाधिवेशन की शुरुआत में किया बड़ा ऐलान

67
SP Convention: नरेश उत्तम पटेल फिर बने सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश ने महाधिवेशन की शुरुआत में किया बड़ा ऐलान

SP Convention: नरेश उत्तम पटेल फिर बने सपा के प्रदेश अध्यक्ष, अखिलेश ने महाधिवेशन की शुरुआत में किया बड़ा ऐलान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर स्टेडियम में बुधवार को समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय महाधिवेशन की शुरुआत हुई। इस कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नरेश उत्तम पटेल की दोबारा ताजपोशी हो गई है। यूपी चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को आधार बनाते हुए प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनकी नियुक्ति हुई है। इसके साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कर दिया कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी के कोर वोट बैंक ओबीसी के विभाजन की रणनीति पर ही काम होगा। अखिलेश यादव ने कार्यक्रम के मंच से नरेश उत्तम पटेल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनाव की घोषणा करते हुए उन्हें बधाई दी। अखिलेश ने कहा कि नरेश उत्तम पटेल को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने की बधाई देते हैं।

सपा महाधिवेशन की शुरुआत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। साथ ही, सपा शासनकाल के दौरान की उपलब्धियों को गिनाया। यूपी चुनाव परिणाम के करीब छह महीने बाद समाजवादी पार्टी का महाधिवेशन हो रहा है। इसकी शुरुआत में ही अखिलेश यादव ने साफ कर दिया कि यूपी चुनाव का परिणाम समाजवादी पार्टी के लिए बुरा नहीं था। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव में प्रदेश में पार्टी के वोट बैंक में इजाफा हुआ है। सीटें बढ़ी हैं। यह एक सकारात्मक संदेश है। साथ ही, उन्होंने भाजपा सरकार को लोगों की उम्मीदों पर खड़ा उतरने में विफल करार दिया।

गंगा की सफाई पर उठ रहे सवाल
केंद्र सरकार पर हमला करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गंगा की सफाई के बड़े दावे किए गए। आज गंगा की सफाई पर सवाल उठ रहे हैं। सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमने प्रदेश के कोने-कोने में काम किया। दरअसल, भाजपा सपा पर सैफई में ही विकास करने का आरोप लगाती रही है। अखिलेश इसी का जवाब देते दिखे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अपने समय में पार्टी के घोषणा पत्र पर पूरा अमल किया था। लखनऊ मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि इसे रिकॉर्ड समय में पूरा कराने में मदद मिली थी। लखनऊ को सजाने और संवारने के लिए सपा सरकार ने काफी काम किया।

सपा ही कर सकती है भाजपा का मुकाबला
सपा महाधिवेशन में अपने संबोधन के दौरान अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अपनी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव सरकार के दौरान किसानों के कर्जमाफी का भी जिक्र किया। साथ ही, कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला केवल समाजवादी पार्टी कर सकती है। दरअसल, आजमगढ़ और रामपुर में सपा की हार के बाद से अखिलेश पर कई सवाल उठे थे। उनका जवाब भी बड़े ही सलीके से अखिलेश ने दे दिया। उन्होंने साफ कर दिया कि प्रदेश में भले ही अन्य विपक्षी दल हाथ-पांव मार लें, लेकिन सत्ताधारी भाजपा का मुकाबला केवल सपा कर सकती है।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News