फ्लाईदुबई पायलट स्मित मच्छार के ससुर का दावा: ‘कैप्टन को मारने की कोशिश हुई’, PM मोदी का जताया आभार
फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के ससुर ने दावा किया है कि कॉकपिट में उन पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और वह घर लौट आए हैं। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उनके…
फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के ससुर ने दावा किया है कि कॉकपिट में उन पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर है और वह घर लौट आए हैं। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उनके ससुर जयसुखभाई जोगी ने बताया कि इस हमले में स्मित के हाथ में फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर कई जगह टांके भी आए हैं।
जयसुखभाई जोगी ने कहा, “उन लोगों (को-पायलट) ने मारने की कोशिश की थी। सिर और हाथ पर मारा था। हाथ में फ्रैक्चर हो गया है... लेकिन अभी तबीयत स्थिर है। ऊपर वाले (भगवान) ने बचा लिया।” उन्होंने परिवार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है।
परिवार में राहत, मिल रहा देश का समर्थन
कैप्टन मच्छार के घर लौटने पर परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। उनके ससुर ने कहा, “अभी बहुत अच्छा लग रहा है। वो अपने घर पर आए हैं और सब लोग अभिनंदन के लिए आ रहे हैं।” उन्होंने बताया कि पहले सभी लोग बहुत तनाव में थे, लेकिन अब स्मित को घर पर स्वस्थ देखकर सबको बहुत खुशी हुई है।
जोगी ने प्रधानमंत्री मोदी के फोन कॉल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी से बात करके पूरा परिवार बहुत खुश हुआ और खुद स्मित भी भावुक हो गए थे। बकौल जोगी, स्मित ने प्रधानमंत्री को अपना ‘आदर्श’ बताया। उन्होंने कहा, “जैसा मोदी जी ने भी कहा कि पूरा देश उनके साथ है, तो अच्छा लगता है। हम भारत सरकार, मोदी जी और पूरे मीडिया का दिल से धन्यवाद करते हैं।”
इनपुट: IANS



