चीन: शिपयार्ड में जहाज में लगी आग, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने दिए जांच और राहत के निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्वी चीन के एक शिपयार्ड में विदेशी मालवाहक जहाज में आग लगने की घटना पर अहम निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों की तत्काल जांच करने और…
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने पूर्वी चीन के एक शिपयार्ड में विदेशी मालवाहक जहाज में आग लगने की घटना पर अहम निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों की तत्काल जांच करने और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने को कहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है।
यह घटना गुरुवार सुबह 11 बजकर 11 मिनट पर शानतुंग प्रांत के छिंगताओ शहर स्थित पेइहाई शिपयार्ड में हुई। जानकारी के मुताबिक, एक विदेशी कार्गो जहाज मरम्मत के लिए रुका हुआ था, जब उसमें आग लग गई।
उच्च स्तरीय निर्देश और बचाव कार्य
घटना के बाद राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने लापता लोगों की समय पर खोज, पीड़ितों को सांत्वना और राहत कार्य ठीक से सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी क्षेत्रों और विभागों को इस घटना से सबक लेना चाहिए और भविष्य में ऐसे बड़े हादसों को रोकने के लिए अग्निकांड से जुड़े खतरों की जांच कर रोकथाम के उपाय सख्ती से लागू करने चाहिए ताकि जनता के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी इस घटना पर निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल, विभिन्न बचाव और राहत कार्य जारी हैं।
इनपुट: IANS



