फ्लाईदुबई विमान हादसा टालने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की शाहरुख खान ने की तारीफ, बॉलीवुड ने भी सराहा
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की प्रशंसा की है। 30 सितंबर को कैप्टन मच्छार ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 174 यात्रियों की जान बचाई…
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की प्रशंसा की है। 30 सितंबर को कैप्टन मच्छार ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए 174 यात्रियों की जान बचाई थी, जिसके बाद से उनकी दुनियाभर में तारीफ हो रही है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शाहरुख खान ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार, जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब आप मजबूती से डटे रहे। मुश्किल हालात का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं होता, लेकिन आपने प्लेन पर मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए ठीक यही किया और हमें दिखाया कि एक कैप्टन होने का क्या मतलब होता है।" शाहरुख ने आगे कहा, "यह हिम्मत और कर्तव्यनिष्ठा की एक सच्ची मिसाल है। आपके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। देश को आप पर गर्व है।"
सलमान खान समेत अन्य सितारों ने भी किया सलाम
शाहरुख खान से पहले भी फिल्म जगत की कई हस्तियों ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी को सराहा है। अभिनेता सलमान खान ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "कमाल कर दिए पायलट जी, हम सब आपको सैल्यूट करते हैं। आपके साथ उड़ने में मजा आएगा। बहुत बढ़िया, भाई कैप्टन।"
वहीं, अभिनेता विजय देवरकोंडा ने लिखा, "भगवान आपकी रक्षा करे और आप पर कृपा बनाए रखे। कैप्टन, आपने जिस स्थिति का सामना किया और जो कुछ किया, वह वाकई अद्भुत है।" दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने भी इंस्टाग्राम पर पायलट को सलाम करते हुए लिखा, "स्मित मच्छार को दिल से सलाम। इसमें कोई शक नहीं कि वह बड़े सम्मान के हकदार हैं।"
सोशल मीडिया पर तारीफों का सिलसिला
कैप्टन मच्छार के इस साहसिक कार्य की सराहना करने वालों में जैकी श्रॉफ, वरुण धवन, शिल्पा शेट्टी, आर. माधवन, परेश रावल, सोनम कपूर और कंगना रनौत जैसे कलाकार भी शामिल हैं। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए उनकी तारीफ की। जैकी श्रॉफ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "कुछ हीरो चुपचाप अपना काम करते हैं। कैप्टन स्मित मच्छार और सभी बहादुर लोगों को मेरी तरफ से सम्मान, जिन्होंने लोगों की जान बचाई और एक बड़ा हादसा होने से रोका।"
इनपुट: IANS



