शहडोल में दर्दनाक हादसा: पुलिस से डरकर तालाब में कूदे तीन किशोरों की डूबने से मौत, सीएम ने की मदद की घोषणा
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ पुलिस की गाड़ी देखकर भागे तीन किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है…
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ पुलिस की गाड़ी देखकर भागे तीन किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब किशोर पुलिस से घबराकर भाग रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शहडोल के चौपाटी इलाके में कुछ युवा इकट्ठा थे। इसी दौरान वहां पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंची, जिसे देखकर वे घबरा गए और भागने लगे। भागते-भागते वे झूला पुल के पास स्थित एक तालाब में कूद गए। तीनों किशोरों की पहचान समीर, दुर्गेश और गौरव के रूप में हुई है।
जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद तीनों को अचेत अवस्था में तालाब से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति में अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जन शामिल हैं।
यह जांच समिति इस बात का पता लगाएगी कि किशोर पुलिस से इतना क्यों डरे हुए थे कि उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर तालाब में छलांग लगा दी। इस बीच, अपने बच्चों को खोने वाले परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस बात से सदमे में हैं कि उनके बच्चों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान कोष से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
इनपुट: IANS



