SBI स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती: 207 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, जानें नई डेडलाइन और पूरी प्रक्रिया
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के तौर पर काम करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक राहत भरी खबर है। बैंक ने 207 पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा…
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के तौर पर काम करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक राहत भरी खबर है। बैंक ने 207 पदों पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जो उम्मीदवार पहले आवेदन करने से चूक गए थे, वे अब 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन अप्लाई कर सकते हैं।
पहले इन पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 25 सितंबर थी, जो 4 सितंबर से शुरू हुई थी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
बैंक ने कुल 207 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इनमें सबसे ज्यादा 91 पद वीपी वेल्थ और 73 पद एवीपी वेल्थ के लिए हैं। इसके अलावा, रिलेशनशिप मैनेजर-टीम लीड के 24, इन्वेस्टमेंट स्पेशलिस्ट (आईएस) के 9, इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (आईओ) के 4, रीजनल हेड (आरएच) के 5 और जोनल हेड (रिटेल) का 1 पद शामिल है।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 60% अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, पद के अनुसार फाइनेंस, कॉमर्स, बैंकिंग, इकोनॉमिक्स या संबंधित क्षेत्रों में पीजी डिग्री/डिप्लोमा या सीए/सीएफए जैसी प्रोफेशनल योग्यता भी मांगी गई है।
अनुभव और आयु सीमा: उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में 3 से 15 साल का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो, पद के अनुसार न्यूनतम आयु 23 से 35 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, इंटरव्यू (व्यक्तिगत/फोन/वीडियो) और सीटीसी पर बातचीत के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर उम्मीदवारों का सालाना सीटीसी (Cost to Company) पद के अनुसार 30.20 लाख से 97 लाख रुपए तक होगा। शुरुआत में यह नियुक्ति 5 साल के लिए होगी, जिसे बैंक की आवश्यकतानुसार 4 साल और बढ़ाया जा सकता है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, EWS और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपए का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, SC/ST और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



