बुधवार, 9 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: मालिक के बेटे समेत तीन आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत हादसे के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने…

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: मालिक के बेटे समेत तीन आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर
(फोटो: IANS)

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत हादसे के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के बेटे महेश गुप्ता, ठेकेदार सनोज और पीजी संचालक सुधांशु को अदालत में पेश किया था। महेश गुप्ता की दो दिन की पिछली कस्टडी पूरी होने के बाद उसे दोबारा पेश किया गया था।

विज्ञापन

पुलिस ने अदालत से तीनों आरोपियों के लिए तीन दिन की कस्टडी की मांग करते हुए बताया कि एक अन्य आरोपी शुभम त्यागी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। जांच में सामने आया है कि मकान मालिक हरिराम गुप्ता ने बिल्डिंग का एक फ्लोर शुभम त्यागी को लीज पर दिया हुआ था।

सुनवाई के दौरान अदालत से मीडिया बाहर

सुनवाई के दौरान, आरोपियों के वकील ने इस मामले में मीडिया ट्रायल होने का आरोप लगाया। इस पर आपत्ति जताए जाने के बाद अदालत ने मीडिया प्रतिनिधियों को कोर्ट रूम से बाहर जाने का निर्देश दिया। इसके बाद हुई सुनवाई में केवल आरोपी और उनके वकील ही मौजूद रहे, जिसके बाद अदालत ने तीनों को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।

इस मामले में महेश गुप्ता के माता-पिता उर्मिला और हरिराम को पहले ही मंगलवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस पूछताछ में महेश ने बताया था कि वह अपने माता-पिता की ओर से इमारत के रखरखाव का काम देख रहा था।

हादसे के वक्त चल रहा था मरम्मत का काम

पुलिस जांच के अनुसार, यह पांच मंजिला इमारत 'हॉस्टल डेज' नाम से लड़कों के पीजी के तौर पर चल रही थी। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कासगंज से उस लेबर कॉन्ट्रैक्टर को भी गिरफ्तार किया है जो इमारत के बेसमेंट में मरम्मत का काम देख रहा था। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि पिछले कुछ दिनों की बारिश के कारण बेसमेंट में जमा हो रहे कचरे की वजह से फर्श की मरम्मत की जा रही थी। इसके अलावा, कमर्शियल इस्तेमाल के लिए जगह बढ़ाने के मकसद से ग्राउंड फ्लोर पर भी मरम्मत का काम चल रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी, उस वक्त वहां कई छात्र मौजूद थे।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →