अभिजीत दीपके की हिरासत पर माता-पिता ने उठाए सरकार पर सवाल, कहा- 'हमारे बेटे के साथ अच्छा नहीं किया'
'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद उनके माता-पिता ने सरकार की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनके पिता भगवान दीपके और मां…
'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिए जाने के बाद उनके माता-पिता ने सरकार की इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनके पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने अपने बेटे के साथ हुए व्यवहार पर नाराज़गी और दुख जताते हुए इसे लोकतंत्र को दबाने की कोशिश बताया है।
समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत की मां अनीता दीपके ने भावुक होते हुए कहा कि सरकार ने उनके बेटे के साथ 'अच्छा नहीं किया'। उन्होंने कहा कि जो बच्चे देश के लिए काम कर रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। अनीता दीपके ने बताया कि उन्हें पहले से ही बेटे की गिरफ्तारी का डर था और जब वह घर से निकल रहा था, तो उन्होंने उसे आगाह भी किया था। उन्होंने कहा, "बेटे को जाते समय मैंने रोते हुए विदा किया था, लेकिन अभिजीत ने उन्हें समझाया था कि रोओ मत, जो होगा अच्छे के लिए होगा।"
पिता ने बताया 'लोकतंत्र पर हमला'
अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने इस कार्रवाई को भारत के इतिहास में अभूतपूर्व बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार है जब लोकतंत्र बचाने की कोशिश कर रहे एक छात्र को विमान के अंदर से गिरफ्तार किया गया हो। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि अब भारत में लोकतंत्र बचा है।" उनका दावा है कि सरकार 'वन नेशन, वन पार्टी' के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है और अन्य राजनीतिक दलों को खत्म करना चाहती है।
भगवान दीपके ने यह भी बताया कि अभिजीत को अपनी गिरफ्तारी की आशंका पहले से थी और वह घर से निकलते समय इस बारे में बताकर गया था। उन्होंने ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति और सांसदों के निलंबन जैसे मुद्दों का ज़िक्र करते हुए इसे एक पूर्व-नियोजित योजना का हिस्सा होने का दावा किया। मौजूदा हालात की इंदिरा गांधी के दौर से तुलना पर उन्होंने कहा कि उन्हें आपातकाल की विस्तृत जानकारी नहीं है, और आगे की रणनीति अभिजीत के साथ हुए व्यवहार को देखकर तय की जाएगी।
इनपुट: IANS



