सरायकेला: चरित्र पर शक के चलते पति ने की पत्नी की हत्या, शव सेफ्टी टैंक में छिपाया
झारखंड के सरायकेला में एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या कर दी और शव को घर के पास बन रहे एक सेफ्टी टैंक में छिपा दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस सनसनीख
झारखंड के सरायकेला में एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या कर दी और शव को घर के पास बन रहे एक सेफ्टी टैंक में छिपा दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा महज़ 48 घंटों के भीतर करते हुए आरोपी पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि आरोपी ने पत्नी सोमवारी हेंब्रम की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मंगलवार को सीनी ओपी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक से महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी सबूतों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर ही गया। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या की वजह और तरीका
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन अवैध संबंध के शक को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। गुस्से में आकर उसने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा और फिर मौत सुनिश्चित करने के लिए लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई बार वार किया। हत्या के बाद, सबूत मिटाने के इरादे से उसने शव को पास के सेफ्टी टैंक में फेंक दिया था।
एसपी मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि टीम वर्क और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई गई। उन्होंने कहा, "हत्या जैसा जघन्य अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं सकता।" मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इनपुट: IANS



