गाजियाबाद: होटल में भीषण आग, दमकल विभाग ने 18 लोगों को सुरक्षित बचाया
गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में स्थित बनाना ट्री होटल में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उसकी ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। होटल में रेनोवेशन का काम चल रहा था और आग तेजी से फैलने लगी…
गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में स्थित बनाना ट्री होटल में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उसकी ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। होटल में रेनोवेशन का काम चल रहा था और आग तेजी से फैलने लगी, जिससे घना धुआं पूरी इमारत में भर गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और होटल के अंदर फंसे सभी 18 लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
यह घटना साहिबाबाद के साइट-4 में हुई। अग्निशमन विभाग को दोपहर 1:29 बजे वैशाली स्थित कंट्रोल रूम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की गई और वैशाली व साहिबाबाद फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं।
एक बड़ा बचाव अभियान
आग होटल के पिछले हिस्से में पांचवीं मंजिल पर लगी थी, जहां मरम्मत का काम जारी था। आग की लपटें तेजी से ऊपर की मंजिलों की तरफ बढ़ रही थीं और पूरी इमारत धुएं से भर गई थी, जिससे बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में बचाव के लिए दो टीमें बनाई गईं। एक टीम ने होटल के 12 कमरों वाली यूनिट में धुएं के बीच फंसे 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया। वहीं, दूसरी टीम आग बुझाने के काम में जुट गई।
आग पर कैसे पाया गया काबू?
आग बुझाने के अभियान में कुल नौ फायर टेंडर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। दमकल कर्मियों ने होटल में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए आग को तीन तरफ से घेरा। इमारत में भरे धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट फैन लगाए गए और कुछ कमरों की कांच की खिड़कियां भी तोड़ी गईं। कोतवाली, वैशाली और साहिबाबाद अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त गाड़ियां भी बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे होटल के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक दिया।
इनपुट: IANS



