सहारनपुर PNB नकली नोट मामला: NIA ने हरिद्वार निवासी एक और आरोपी को गिरफ़्तार किया
सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) करेंसी चेस्ट से करोड़ों रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और गिरफ़्तारी की है। एजेंसी ने मंगलवार को मुख्य आरोपियों के एक करीबी…
सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) करेंसी चेस्ट से करोड़ों रुपये के जाली नोट मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और गिरफ़्तारी की है। एजेंसी ने मंगलवार को मुख्य आरोपियों के एक करीबी साथी को हिरासत में लिया, जिससे इस मामले में अब तक गिरफ़्तार हुए लोगों की संख्या बढ़ गई है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पकड़े गए व्यक्ति का नाम नीतू है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। NIA के अनुसार, नीतू पहले से गिरफ़्तार मुख्य आरोपी आदेश चौधरी और अन्य का सहयोगी है और इस पूरी साज़िश में शामिल था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 29 अगस्त को सामने आया था, जब सहारनपुर के सदर बाजार पुलिस स्टेशन को पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में 7.29 करोड़ रुपये के नकली भारतीय नोट होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में बैंक के ही तीन कर्मचारियों की मिलीभगत का पता चला, जिन्हें बाद में बैंक प्रबंधन ने निलंबित कर दिया था। सबसे पहले सहारनपुर पुलिस ने ही इस मामले में मुकदमा दर्ज किया था, जिसे बाद में जांच के लिए NIA ने अपने हाथ में ले लिया।
अब तक की कार्रवाई
इस मामले में NIA पहले भी कई गिरफ्तारियां कर चुकी है। नीतू से पहले, FIR में नामजद आरोपी अमित कुमार को 7 सितंबर को, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे आदेश चौधरी, मुकेश कुमार और राजेंद्र को क्रमशः 15 और 20 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। एजेंसी का कहना है कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य सह-आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए जांच अभी जारी है।
इनपुट: IANS



