रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला: 9 क्षेत्रों के ऊर्जा ठिकानों और अस्पताल को बनाया निशाना, 29 लोगों की मौत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस पर सोमवार रात को एक बड़ा और जटिल हमला करने का आरोप लगाया है, जिसमें खास तौर पर देश की महत्वपूर्ण ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी IANS…
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस पर सोमवार रात को एक बड़ा और जटिल हमला करने का आरोप लगाया है, जिसमें खास तौर पर देश की महत्वपूर्ण ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में 29 लोगों की मौत हो गई और कई शहरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि खार्किव शहर में एक क्लिनिकल अस्पताल पर सीधे हमला किया गया। इस हमले में अस्पताल का कार्डियोलॉजी विभाग क्षतिग्रस्त हो गया, जहाँ मरीजों का इलाज चल रहा था। इस घटना में कुल 73 लोग घायल हुए।
ऊर्जा ढांचे पर सुनियोजित हमला
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने बताया कि रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों ने रात भर में 9 क्षेत्रों में कम से कम 13 ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "पुतिन जानबूझकर आम नागरिकों की ऊर्जा, बिजली और हीटिंग सुविधाओं को निशाना बना रहे हैं, ताकि सर्दियों से पहले लोगों के लिए हालात असहनीय हो जाएं। यह 'नरसंहार' की सीधी परिभाषाओं में से एक है।"
इन हमलों से ओडेसा, चेरकसी, जाइटॉमिर, विन्नित्सिया, खार्किव, निप्रो, चेर्नित्सी, चेर्निहिव और रिव्ने क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। कई शहरों और समुदायों में आपातकालीन बिजली कटौती करनी पड़ी है।
बड़े पैमाने पर मिसाइलें और ड्रोन दागे गए
राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, बीती रात ही रूस ने 289 हमलावर ड्रोन, 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 59 क्रूज मिसाइलें दागीं। उन्होंने चेतावनी दी कि हवाई हमले का अलर्ट अभी भी जारी है और नए हमलों का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा में एक मानवीय सहायता केंद्र पर बमबारी के बाद बचाव अभियान चल रहा है। हमलों में 29 लोगों की मौत हुई है और पांच घायल हैं। राष्ट्रपति ने कहा, "अब भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।"
अमेरिकी चुनाव और अंतरराष्ट्रीय मदद की अपील
जेलेंस्की ने इस बात पर जोर दिया कि यह हमला अमेरिका में कांग्रेस के चुनाव वाले दिन हुआ। उन्होंने कहा, "रूस को लगता है कि अमेरिका उनकी ओर से दिए जा रहे इस संदेश को नजरअंदाज कर देगा, लेकिन ऐसे आतंक और हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इन्हें रोका जाना चाहिए।" उन्होंने अमेरिका से शांति स्थापित करने और यूक्रेन को अपने आसमान की रक्षा करने में मदद करने की अपील की ताकि रूस के मिसाइल हमले रुक सकें।
इनपुट: IANS



