RITES में अप्रेंटिस बनने का मौका: इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और ITI पास के लिए 281 पदों पर आवेदन शुरू
अगर आप रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (RITES) लिमिटेड में काम करने के इच्छुक हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एक साल के अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम…
अगर आप रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (RITES) लिमिटेड में काम करने के इच्छुक हैं, तो आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एक साल के अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत कुल 281 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 25 नवंबर तक अप्लाई कर सकते हैं।
यह भर्ती इंजीनियरिंग और नॉन-इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए है, जिसमें ग्रेजुएट, डिप्लोमा धारक और आईटीआई पास-आउट उम्मीदवार शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार राइट्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले यह सुनिश्चित करना ज़रूरी है कि इंजीनियरिंग डिग्री/ग्रेजुएट/डिप्लोमा वाले उम्मीदवारों का NATS पोर्टल पर और आईटीआई पास उम्मीदवारों का NAPS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन पूरा हो।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
राइट्स लिमिटेड द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 281 रिक्तियों को चार मुख्य श्रेणियों में बांटा गया है:
- ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इंजीनियरिंग): 125 पद
- ग्रेजुएट अप्रेंटिस (नॉन-इंजीनियरिंग): 43 पद
- डिप्लोमा अप्रेंटिस: 62 पद
- ट्रेड अप्रेंटिस (ITI): 51 पद
पदों का विस्तृत विवरण: इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 125 पदों में सिविल के 40, मैकेनिकल के 36, इलेक्ट्रिकल के 26, आईटी के 13, केमिकल/मेटलर्जिकल के 6, आर्किटेक्चर के 2 और सिग्नल/टेलीकॉम के 2 पद हैं। वहीं, नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस में एचआर के 22 और वित्त के 21 पद शामिल हैं। डिप्लोमा अप्रेंटिस के 62 पदों में मैकेनिकल के 26, इलेक्ट्रिकल के 19, सिविल के 12 और केमिकल/मेटलर्जिकल के 5 पद हैं। ट्रेड अप्रेंटिस (ITI) के 51 पदों में इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल के 23-23, सिविल के 2 और अन्य ट्रेड के 3 पद रखे गए हैं।
आवश्यक योग्यता और चयन प्रक्रिया
आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए। ग्रेजुएट अप्रेंटिस (इंजीनियरिंग) के लिए 60% अंकों के साथ चार वर्षीय बीई/बीटेक/बीआर्क डिग्री, और नॉन-इंजीनियरिंग के लिए तीन वर्षीय बीए/बीबीए/बीकॉम/बीएससी/बीसीए ग्रेजुएशन होना आवश्यक है। इसी तरह, डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा और ट्रेड अप्रेंटिस के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई की योग्यता अनिवार्य है।
उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह से मेरिट के आधार पर होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को कंपनी के नियमों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इनपुट: IANS



