RCFL में असिस्टेंट ऑफिसर बनने का मौका, जानिए योग्यता, आवेदन की आखिरी तारीख और चयन प्रक्रिया
अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCFL) में आपके लिए एक अच्छा अवसर है। कंपनी ने असिस्टेंट ऑफिसर (सेक्रेटेरियल)-ई0 ग्रेड के कुल 10 पदों पर भर्ती…
अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCFL) में आपके लिए एक अच्छा अवसर है। कंपनी ने असिस्टेंट ऑफिसर (सेक्रेटेरियल)-ई0 ग्रेड के कुल 10 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 26 सितंबर की शाम 5 बजे तक अप्लाई कर सकते हैं।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आरसीएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। इन 10 रिक्तियों में से 6 पद सामान्य वर्ग के लिए, 2 ओबीसी (एनसीएल) के लिए, 1 एससी और 1 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए आरक्षित हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
शैक्षणिक योग्यता: इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 55% अंकों के साथ किसी भी विषय में 3 साल की रेगुलर ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, किसी भी विषय में 2 साल की रेगुलर पोस्ट-ग्रेजुएशन और ऑफिस मैनेजमेंट या सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस जैसे विषयों में 1 साल का डिप्लोमा भी अनिवार्य है। उम्मीदवारों के पास पोस्ट-ग्रेजुएशन के बाद संबंधित क्षेत्र में कम से कम 4 साल का अनुभव होना भी ज़रूरी है।
आयु सीमा: आवेदकों की अधिकतम आयु 32 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और सैलरी
चयन: योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, ऑनलाइन टेस्ट, स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा।
वेतन: अंतिम रूप से चुने गए उम्मीदवारों को हर महीने 30,000 रुपये से लेकर 1,20,000 रुपये के बीच सैलरी मिलेगी। इसके अलावा उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी (एनसीएल) और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। वहीं, एससी/एसटी, दिव्यांग, महिला, विभागीय उम्मीदवार और पूर्व-सैनिकों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



