RCFL में मैनेजमेंट ट्रेनी की 94 भर्तियां, 24 अगस्त है आवेदन की आखिरी तारीख
अगर आप इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट या फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCFL) ने आपके लिए एक शानदार अवसर पेश किया है। समाचार एजेंसी…
अगर आप इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट या फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCFL) ने आपके लिए एक शानदार अवसर पेश किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरसीएफएल ने मैनेजमेंट ट्रेनी के कुल 94 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 24 अगस्त, 2026 शाम 5 बजे निर्धारित है।
इच्छुक उम्मीदवार आरसीएफएल के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर इन रिक्तियों के लिए अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। यह भर्ती अभियान विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के लिए है, जिसमें सबसे ज्यादा 32 पद केमिकल ट्रेनी के लिए हैं।
किन विभागों में कितनी रिक्तियां
आरसीएफएल द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 94 पदों का विवरण इस प्रकार है: मैनेजमेंट ट्रेनी (केमिकल) - 32, (फाइनेंस) - 10, (मार्केटिंग) - 10, (इलेक्ट्रिकल) - 10, (इंस्ट्रूमेंटेशन) - 9, (बॉयलर) - 6, (इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) - 5, (मैकेनिकल) - 4, (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) - 2, (राजभाषा) - 2। इसके अलावा, सामग्री, सिविल, फायर और सीसी लैब प्रत्येक के लिए एक-एक पद है।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक, पीएचडी, मास्टर डिग्री, सीए/सीएमए, ग्रेजुएशन, या एमबीए/एमएमएस/पीजीडीएम जैसी योग्यता होनी चाहिए। आवेदकों की अधिकतम आयु 27 वर्ष रखी गई है, जिसकी गणना 1 फरवरी के आधार पर होगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने वाले कैंडिडेट्स को हर महीने 40,000 रुपये से 1,40,000 रुपये के बीच वेतन मिलेगा, साथ ही अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। आवेदन करते समय सामान्य, ओबीसी (एनसीएल) और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि एससी/एसटी, पूर्व-सैनिक, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



