RBI का बैंकों को तोहफा: कैश रिज़र्व रखने के दैनिक नियमों में ढील, 1 दिसंबर से मिलेगा फायदा
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के अनुसूचित बैंकों को बड़ी राहत दी है। अब बैंकों को केंद्रीय बैंक के पास रखे जाने वाले अपने नकद आरक्षित अनुपात (Cash Reserve Ratio - CRR) की न्यूनतम दैनिक सीमा पूरी…
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के अनुसूचित बैंकों को बड़ी राहत दी है। अब बैंकों को केंद्रीय बैंक के पास रखे जाने वाले अपने नकद आरक्षित अनुपात (Cash Reserve Ratio - CRR) की न्यूनतम दैनिक सीमा पूरी करने में पहले से ज़्यादा लचीलापन मिलेगा। RBI ने यह न्यूनतम सीमा 99 प्रतिशत से घटाकर 90 प्रतिशत कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह नया नियम 1 दिसंबर, 2026 से शुरू होने वाले पखवाड़े से प्रभावी होगा।
यह फैसला मौजूदा आर्थिक परिदृश्य और बाज़ार में नकदी (तरलता) की स्थिति का आकलन करने के बाद लिया गया है। इस बदलाव से बैंकों को अपने रोज़मर्रा के नकदी प्रबंधन में आसानी होगी। हालांकि, यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि RBI ने सीआरआर की कुल दर में कोई बदलाव नहीं किया है, केवल दैनिक रखरखाव की न्यूनतम अनिवार्यता में छूट दी है।
क्या है यह बदलाव और इसका मतलब?
कैश रिज़र्व अनुपात यानी CRR, बैंकों की कुल जमा (NDTL) का वह हिस्सा होता है, जिसे उन्हें अनिवार्य रूप से RBI के पास नकद रूप में रखना होता है। उदाहरण के लिए, अगर सीआरआर 4.5% है, तो बैंक को हर 100 रुपए की जमा पर 4.50 रुपए RBI के पास रखने पड़ते हैं। अब तक नियम यह था कि बैंकों को हर दिन इस निर्धारित राशि का कम से कम 99% हिस्सा बनाए रखना होता था।
नए नियम के तहत, अब उन्हें हर दिन सिर्फ 90% हिस्सा बनाए रखना होगा। लेकिन शर्त यह है कि 14 दिनों के पूरे रिपोर्टिंग पखवाड़े के औसत के आधार पर उन्हें कुल सीआरआर की शर्त पूरी करनी होगी। इससे बैंकों को किसी दिन नकदी की ज़रूरत पड़ने पर थोड़ी ज़्यादा मोहलत मिल जाएगी।
एक महीने में ही पलटा पुराना फैसला
दिलचस्प बात यह है कि RBI ने करीब एक महीने पहले ही इस नियम को सख़्त किया था। 16 अक्टूबर, 2026 को न्यूनतम दैनिक सीआरआर रखरखाव की सीमा 90% से बढ़ाकर 99% कर दी गई थी। अब 1 दिसंबर से इस फैसले को वापस लेते हुए पुरानी 90% की सीमा को ही बहाल कर दिया गया है।
इनपुट: IANS


