रांची IIIT छात्र की मौत: NHRC ने लिया संज्ञान, एंबुलेंस में देरी और संस्थान की लापरवाही की होगी जांच
रांची के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है…
रांची के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है और सभी जिम्मेदार अधिकारियों को नोटिस जारी करने की बात कही है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, NHRC यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया और उसे अस्पताल पहुँचाने में देरी क्यों हुई।
NHRC के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने बताया, "हमें जानकारी मिली है कि रांची के आईआईआईटीएम इंस्टीट्यूट में एक स्टूडेंट ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया है। जिस व्यक्ति ने हमें बताया, उसने बताया कि फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट ने फांसी लगा ली थी, लेकिन उसके क्लासमेट्स ने उसे फंदे से नीचे उतार लिया। फिर उसे हॉस्पिटल ले जाने में देर हो गई क्योंकि एम्बुलेंस देर से आई।" उन्होंने कहा कि छात्रों के अनुसार आदित्य की मौत समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण हुई।
छात्रों का प्रदर्शन और निदेशक के इस्तीफे की मांग
इस दुखद घटना के बाद रविवार को संस्थान के छात्रों ने जमकर हंगामा किया। बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य शनिवार रात अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे आक्रोशित छात्रों ने हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं की कमी और आपातकालीन चिकित्सा सहायता के अभाव का आरोप लगाते हुए संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग की। छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग को भी जाम कर दिया था।
पुलिस की जांच और संस्थान का पक्ष
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा है कि मामले की प्रारंभिक जांच जारी है। उन्होंने बताया कि छात्र की मौत और हॉस्टल की मांगों को लेकर हो रहे प्रदर्शन को अलग-अलग देखा जा रहा है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और शुरुआती तौर पर परीक्षा से जुड़े दबाव की भी आशंका जताई गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आदित्य के रूममेट का बयान भी दर्ज किया है। वहीं, संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि आदित्य ने इसी साल अगस्त में दाखिला लिया था और उसकी मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही थीं।
इनपुट: IANS



