अयोध्या दीपोत्सव: CM योगी का विपक्ष पर निशाना, कहा - रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले पहले माफी मांगें
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के 10वें संस्करण के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों…
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के 10वें संस्करण के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, वे अयोध्या जरूर आएं, लेकिन उससे पहले उन्हें अपने किए पर पश्चाताप करते हुए संतों और रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम कृपालु हैं और वे उन्हें क्षमा कर देंगे।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि तमिलनाडु के एक सामान्य किसान परिवार से आने के बावजूद उन्होंने भारतीय संस्कृति और मूल्यों के प्रति समर्पण के बल पर महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
"कथा और मुशायरे का अंतर नहीं समझते"
सीएम योगी ने अपने संबोधन में विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित किया था, वे आज भी अपने लोभ पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे लोग जब कथा में पहुंचते हैं तो उन्हें कथा की मर्यादा तक का ज्ञान नहीं होता। वे कथा और मुशायरे का अंतर भी नहीं समझ पाते और अपनी उच्छृंखल वृत्ति से कथा की पवित्र परंपरा को अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।" योगी ने यह भी कहा कि जिन्होंने अदालतों में श्रीराम के अस्तित्व को नकारा था, वे भी आज राम के अस्तित्व को स्वीकार कर रहे हैं, जो एक वैचारिक विजय है।
अयोध्या का कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं अयोध्या के विकास के लिए समर्पित हैं या उन पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया, "कभी अयोध्या में महज तीन घंटे बिजली मिलती थी। आज यह स्मार्ट सिटी के साथ सोलर सिटी भी बन चुकी है।" योगी ने कहा कि धर्म पथ, भक्ति पथ, श्रीराम पथ और जन्मभूमि पथ श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। साथ ही, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, राम की पैड़ी में सरयू का अविरल जल, माता शबरी के नाम पर रसोई और निषादराज के नाम पर बने रैन बसेरे आधुनिक अयोध्या की पहचान बन रहे हैं।
"अब अयोध्या में कर्फ्यू नहीं लगेगा"
राम जन्मभूमि आंदोलन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कारसेवकों के बलिदान, संतों के संघर्ष और अशोक सिंघल के नेतृत्व को नमन किया। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों की चुनौतियों के बाद रामलला अपने जन्मस्थान पर विराजमान हुए हैं और इस इतिहास को अब कोई मिटा नहीं सकता। सीएम योगी ने विश्वास दिलाया, "अयोध्या अब कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी। यहां न कोई दंगा-फसाद करने का दुस्साहस कर पाएगा और न संतों का अपमान होगा।" उन्होंने कहा कि 25 हजार दीपों से शुरू हुआ दीपोत्सव का यह सफर आज 25 लाख की सीमा पार कर चुका है और इस बार 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इनपुट: IANS



