Rajasthan BJP : प्रशिक्षण वर्ग के सहारे तैयार हो रही ‘मिशन 2023’ की ज़मीन, एक्टिव मोड पर मोर्चे | Rajasthan BJP Training Camp ahead Assembly Elections | Patrika News

74
Rajasthan BJP : प्रशिक्षण वर्ग के सहारे तैयार हो रही ‘मिशन 2023’ की ज़मीन, एक्टिव मोड पर मोर्चे | Rajasthan BJP Training Camp ahead Assembly Elections | Patrika News

Rajasthan BJP : प्रशिक्षण वर्ग के सहारे तैयार हो रही ‘मिशन 2023’ की ज़मीन, एक्टिव मोड पर मोर्चे | Rajasthan BJP Training Camp ahead Assembly Elections | Patrika News

प्रशिक्षण वर्ग के ज़रिये हो रहे एक्टिव
प्रदेश भाजपा के मोर्चे इन दिनों प्रशिक्षण वर्ग के नाम पर एक्टिव मोड पर आ रहे हैं। किसान मोर्चे का जहां अजमेर में राजस्थान सहित मध्य पश्चिम क्षेत्र के राज्यों का प्रशिक्षण वर्ग शिविर हुआ, तो वहीं युवा मोर्चा का प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग भरतपुर में बुलाया गया, जिसका समापन आज होने जा रहा है।

किसान और युवा मोर्चे से पहले महिला मोर्चा का तीन दिनी प्रशिक्षण वर्ग इसी महीने की शुरुआत में 9 सितंबर को संपन्न हुआ था। इसी तरह से ओबीसी मोर्चे का प्रशिक्षण वर्ग भी जोधपुर में संपन्न हो चुका है।

अब अजमेर में जुटेगा अल्पसंख्यक मोर्चा
राजस्थान प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चे का प्रशिक्षण वर्ग अजमेर में 26 सितंबर को प्रस्तावित है। मोर्चे के तमाम पदाधिकारी इन दिनों इस तीन दिन तक चलने वाले प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सादिक खान ने बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रशिक्षण वर्ग में मोर्चा की अब तक की गतिविधियों पर चर्चा करने के साथ ही मिशन 2023 में जीत का परचम लहराने को लेकर रणनीति पर मंथन होगा।

एससी और एसटी मोर्चा भी लगाएगा कैम्प
प्रदेश भाजपा के बचे हुए प्रशिक्षण वर्ग में अनुसूचित जाति मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रशिक्षण कैम्प भी लंबित है। बताया जा रहा है कि इन मोर्चों के पदाधिकारी भी अपने-अपने मोर्चे के प्रशिक्षण कैंप करने की तैयारियों में लगे हुए हैं।

सीनियर नेता दे रहे ‘गुरु मंत्र’
प्रदेश भाजपा के मोर्चों के प्रशिक्षण वर्ग को पार्टी के सीनियर नेताओं का मार्गदर्शन मिल रहा है। ये नेता मोर्चे के कार्यकर्ताओं को पार्टी के विज़न और मिशन बताते हुए उनमें जोश भरने के काम में लगे हुए हैं।

‘गुरु मन्त्र’ देने वाले नेताओं में खासतौर से प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं राजस्थान भाजपा के केंद्र सरकार में मंत्री का ज़िम्मा संभाल रहे गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी की भी समय-समय पर सेवाएं ली जा रही हैं।

स्मृति ईरानी और विजया भी आएंगे
जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के अजमेर में प्रस्तावित प्रशिक्षण वर्ग में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ ही हालिया सह प्रभारी का ज़िम्मा संभालने वाली पार्टी की राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर भी आएँगी। ये दोनों वरिष्ठ नेत्रियां प्रशिक्षण वर्ग में अपने विचार साझा करेंगे। फिलहाल राहटकर के आने का कार्यक्रम तो तय हो गया है, लेकिन स्मृति ईरानी के शामिल होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।



राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News